छत्तीसगढ़ में ड्राइवरों की हड़ताल, बसों के पहिए थमे: बलौदाबाजार में सकरी बाईपास पर धरना; राष्ट्रीय आयोग और वेलफेयर बोर्ड बनाने की मांग

रायपुर। देशभर में 12 नवंबर से शुरू हुए ड्राइवरों के ‘स्टीयरिंग छोड़ो अभियान’ का असर छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में भी दिखने लगा है। अखिल भारतीय ड्राइवर जॉइंट कमेटी के आह्वान पर जिला ड्राइवर महासंघ के सदस्य हड़ताल पर उतर आए हैं।
ड्राइवरों ने सकरी बाईपास पर धरना शुरू कर दिया है। आंदोलन के चलते यात्री बसों का संचालन प्रभावित हुआ है। इससे बलौदाबाजार से रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में आने-जाने वाले यात्रियों को परेशानी हो रही है।
ड्राइवरों का कहना है कि लंबे समय से उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। अधिकारों, सुरक्षा और कल्याण से जुड़े मुद्दे उठाने के बावजूद ठोस कदम नहीं उठाए गए। इसी वजह से देशव्यापी आंदोलन का समर्थन करते हुए उन्हें हड़ताल करनी पड़ी है।
राष्ट्रीय ड्राइवर आयोग बनाने की मांग
आंदोलनरत ड्राइवरों की प्रमुख मांगों में राष्ट्रीय ड्राइवर आयोग का गठन, ड्राइवर वेलफेयर बोर्ड की स्थापना और उनकी सुरक्षा के लिए विशेष कानून बनाना शामिल है। उनका कहना है कि ड्राइवरों के अधिकारों की रक्षा और सामाजिक सुरक्षा के लिए राष्ट्रीय स्तर पर स्थायी व्यवस्था होनी चाहिए।
बस और माल परिवहन पर असर की आशंका
हड़ताल के कारण बलौदाबाजार-रायपुर समेत आसपास के मार्गों पर यात्री बसों का संचालन प्रभावित होने की बात सामने आई है। बसों पर निर्भर यात्रियों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। माल परिवहन भी प्रभावित होने की आशंका है।
ड्राइवर महासंघ के सदस्य अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं। अब आंदोलन को लेकर शासन के रुख पर नजर है। मांगों पर बातचीत या समाधान नहीं निकलने की स्थिति में हड़ताल का असर और बढ़ सकता है।





