सेना की मदद के लिए निकले 2 SPO की हत्या: जंगल में मिले गोलियों से छलनी शव, सर्विस हथियार भी गायब

दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में दो स्पेशल पुलिस अधिकारियों (SPO) की हत्या कर दी गई। दोनों बुधवार दोपहर से लापता थे। गुरुवार सुबह तलाशी अभियान के दौरान उनके शव दाचन इलाके के जंगल में मिले। दोनों के शरीर पर गोलियों के कई निशान थे। उनके सर्विस हथियार भी गायब हैं। आशंका है कि हत्या के बाद हमलावर हथियार अपने साथ ले गए।
मृतकों की पहचान 45 वर्षीय ऋषिपाल सिंह और 57 वर्षीय बॉबी चंद के रूप में हुई है। दोनों मरवाह इलाके के देहरना से बसनान की ओर जा रहे थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वे वहां तैनात सेना की 17 राष्ट्रीय राइफल्स की टीम को राहत देने के लिए निकले थे। इसी दौरान बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे जंगल में गोलीबारी की आवाज सुनाई दी। इसके बाद दोनों का संपर्क टूट गया।
लापता होने की जगह से 2 किलोमीटर दूर मिले शव
गोलीबारी की सूचना मिलने के बाद स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की टीम और थाना प्रभारी मौके के लिए रवाना हुए। दोनों SPO की तलाश में सुरक्षा बलों ने अभियान शुरू किया। गुरुवार सुबह करीब 8 बजे एक और 9 बजे दूसरे का शव बरामद किया गया। दोनों के शव लापता होने वाली जगह से करीब दो किलोमीटर दूर मिले।
घटना के बाद इलाके में बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। सुरक्षा बल जंगलों में हमलावरों की तलाश कर रहे हैं। अधिकारियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती हमलावरों का पता लगाने के साथ गायब सर्विस हथियारों को बरामद करना है।
गोलीबारी के वक्त बंद हुआ मोबाइल नेटवर्क
घटना के दौरान मरवाह इलाके में एयरटेल का मोबाइल नेटवर्क भी बंद होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, नेटवर्क बंद होने और SPO की हत्या के बीच किसी संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही हैं।
BJP विधायक शगुन परिहार ने जताया दुख
किश्तवाड़ से भाजपा विधायक शगुन परिहार ने दोनों SPO की हत्या पर दुख जताया है। उन्होंने बताया कि दोनों बुधवार रात से लापता थे। गुरुवार सुबह उनके शव मिलने की सूचना मिली। विधायक ने घटना के लिए पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने कहा कि दो लोगों की जान जाने के बदले चार गुना ताकत से जवाब दिया जाना चाहिए। शगुन परिहार ने घटनास्थल पर जाने की बात भी कही है। फिलहाल सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन जारी है और मामले में हमलावरों की पहचान तथा हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।





