छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी, 13-14 सितंबर को अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार 13 सितंबर को प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात हो सकता है। 14 सितंबर को भी कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां बनी रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर पड़ रहा है। उत्तर-पश्चिम और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी से लगे दक्षिण ओडिशा और उत्तर आंध्र प्रदेश के तटों पर निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है। यह सिस्टम अगले 24 घंटे में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है।
15 सितंबर तक सक्रिय रहेगा मौसम
13 सितंबर के बाद भी प्रदेश में बारिश से पूरी तरह राहत मिलने की संभावना नहीं है। 14 सितंबर को अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। एक-दो जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का खतरा रहेगा। 15 सितंबर को भी कुछ स्थानों पर बारिश और एक-दो जगहों पर वज्रपात की संभावना जताई गई है।
इसके बाद 16 और 17 सितंबर को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है, हालांकि इन दिनों के लिए किसी बड़े अलर्ट की संभावना नहीं बताई गई है।
बिजली गिरने के दौरान रहें सतर्क
बारिश के साथ गरज-चमक होने पर लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के पास जाने से बचना चाहिए। गड़गड़ाहट के दौरान सुरक्षित और पक्के स्थान पर रहना बेहतर है। किसानों को खुले में रखी फसल और उपज को सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी गई है।





