ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

तेलघानी नाका ओवरब्रिज 30 सितंबर से बंद, 35 हजार वाहनों का बदलेगा रूट

रायपुर। रायपुर में तेलघानी नाका का करीब चार दशक पुराना जर्जर ओवरब्रिज अब तोड़ा जाएगा। इसे नए सिरे से बनाने की तैयारी है। इसके चलते 30 सितंबर से पुराने ओवरब्रिज पर ट्रैफिक पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। इस फैसले से रोजाना गुजरने वाले करीब 35 हजार वाहनों का रूट बदल जाएगा। 1 अक्टूबर से वाहनों को नए ओवरब्रिज और रामनगर अंडरब्रिज की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

पुराने ब्रिज से यातायात बंद होने के बाद स्टेशन, रामनगर, गुढ़ियारी, कबीर नगर, अशोक नगर, कोटा और शिवानंद नगर की ओर आने-जाने वाले लोगों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना होगा। पीक आवर यानी सुबह और शाम के समय नए ओवरब्रिज, रामनगर अंडरब्रिज और आसपास की लिंक सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ सकता है। इससे इन इलाकों में जाम की स्थिति बनने की आशंका है। रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को ट्रेन के समय से पहले घर से निकलने की सलाह दी जा सकती है।

चार साल पहले जर्जर घोषित हुआ था

रेलवे करीब चार साल पहले ही इस ओवरब्रिज को जर्जर घोषित कर चुका है। रेलवे ने अपने हिस्से के पिलरों की मरम्मत के साथ अतिरिक्त भार कम करने के लिए लोहे के सपोर्ट भी लगाए थे। भारी वाहनों की आवाजाही पहले ही रोक दी गई थी, लेकिन कार और दोपहिया वाहन लगातार इस ब्रिज से गुजर रहे थे।

रेलवे-प्लेटफॉर्म क्षेत्र का संयुक्त सर्वे

ओवरब्रिज का कुछ हिस्सा रेलवे और कुछ हिस्सा पीडब्ल्यूडी के क्षेत्र में आता है। दोनों विभाग संयुक्त सर्वे कर चुके हैं। रेलवे अब अपने हिस्से की ड्राइंग पीडब्ल्यूडी को देगा। इसके बाद दोनों विभागों की ड्राइंग को एक साथ कंपाइल कर शासन को भेजा जाएगा। बजट मंजूर होने के बाद नए ब्रिज का निर्माण शुरू होगा।

पीडब्ल्यूडी पिछले करीब चार साल से इसकी तैयारी कर रहा था, लेकिन बजट के अभाव में काम आगे नहीं बढ़ सका। विभाग के ईई विन्नेश कुमार के मुताबिक, जर्जर ब्रिज को महीने के अंत में बंद कर डिस्मेंटल किया जाएगा। यातायात विभाग से इसकी अनुमति मिल चुकी है।

Related Articles

Back to top button