CGPSC 2003 भर्ती घोटाला: 15 अफसरों पर चार्जशीट की तैयारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की 2003 की राज्य सेवा परीक्षा में कथित गड़बड़ी के मामले में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW-ACB) अब कार्रवाई की तैयारी में है।
जांच एजेंसी इस मामले में इसी महीने के अंत तक कोर्ट में चार्जशीट पेश कर सकती है। अधिकारियों के मुताबिक, चालान तैयार करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। हालांकि, चार्जशीट पेश करने से पहले सरकार से अभियोजन की अनुमति लेना जरूरी होगा।
इस मामले में भर्ती प्रक्रिया में अहम भूमिका निभाने वाले करीब 15 अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के संकेत हैं। जांच में सामने आई अनियमितताओं के आधार पर इन अधिकारियों की भूमिका की जांच की गई है।
ड्राई रन में 17 अपात्रों का चयन
EOW की जांच और दोबारा डेटा की गणना के लिए किए गए ड्राई रन में भर्ती प्रक्रिया में कई गड़बड़ियां सामने आईं। जांच के मुताबिक, 17 अपात्र अभ्यर्थियों का चयन हुआ, जबकि 17 योग्य अभ्यर्थी चयन से बाहर हो गए। इसके अलावा 56 अभ्यर्थियों के पद और मेरिट क्रम में बदलाव पाए गए।
जांच में यह भी सामने आया कि 52 अपात्र अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया, जबकि इतने ही पात्र अभ्यर्थियों को इंटरव्यू का मौका नहीं मिला।
वर्षा डोंगरे के मामले से भी उठा विवाद
इस भर्ती परीक्षा को लेकर कवर्धा की वर्षा डोंगरे का मामला भी लंबे समय से चर्चा में रहा है। उन्हें 1290.41 अंक मिलने के बावजूद चयनित नहीं किया गया था। उनकी प्रोफाइल शीट में आबकारी उप निरीक्षक पद के सामने काट-छांट मिलने की बात जांच में सामने आई। फोरेंसिक जांच में कथित तौर पर उस हिस्से में उनकी लिखावट और इस्तेमाल की गई स्याही नहीं मिली।
मानव विज्ञान विषय में भी समान 200 वास्तविक अंक पाने वाले अभ्यर्थियों को अलग-अलग स्केल्ड अंक दिए जाने की बात सामने आई। इसके अलावा आरक्षण प्रक्रिया में भी गड़बड़ी के आरोप लगे थे।
मामला पहले हाई कोर्ट पहुंचा था। हाई कोर्ट की चीफ जस्टिस की बेंच ने जांच एजेंसी की कार्रवाई को सही मानते हुए नई चयन सूची बनाने की सिफारिश की थी। इसके खिलाफ 2016 में मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, जहां हाई कोर्ट के आदेश पर रोक लगा दी गई थी। इस दौरान मामले से जुड़े कुछ अधिकारियों को प्रमोशन और कुछ को IAS अवार्ड भी मिल चुका है। अब EOW की प्रस्तावित चार्जशीट से करीब दो दशक पुराने इस भर्ती विवाद में फिर हलचल बढ़ गई है।





