मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर ‘सेवा संकल्प अभियान’

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा।
अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्षों के सेवा एवं राष्ट्र निर्माण के कार्यों को लोगों तक पहुंचाने के साथ जनसेवा की गतिविधियों को बढ़ावा देना है। इसके तहत रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य परीक्षण, जल संरक्षण और डिजिटल साक्षरता समेत 25 तरह की सेवा गतिविधियों से नागरिकों को जोड़ा जाएगा।
अभियान में नागरिकों से कम से कम 25 मिनट श्रमदान करने की अपील की गई है। श्रमदान की फोटो या वीडियो ‘माई भारत’ पोर्टल पर अपलोड करने पर डिजिटल प्रमाण-पत्र भी दिया जाएगा। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन से शुरू होने वाले अभियान में 7 अक्टूबर को उनके सार्वजनिक पद पर 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर विशेष कार्यक्रम होंगे। 17 अक्टूबर को अभियान का बड़े स्तर पर समापन प्रस्तावित है।
छत्तीसगढ़ में रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, अंबिकापुर और जगदलपुर के सभागारों में ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। स्थानीय कलाकार नुक्कड़ नाटक और नृत्य नाटिका के माध्यम से सेवा और विकास की यात्रा प्रस्तुत करेंगे। विकासखंड स्तर पर ‘सेवा सेतु’ बहुउद्देशीय शिविर लगाए जाएंगे, जहां लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में मदद दी जाएगी।
17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच स्कूल-कॉलेजों में ‘विकसित भारत 2047’ विषय पर चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। रक्तदान शिविर, सफाई अभियान, प्रदर्शनियां और सेमिनार भी आयोजित किए जाएंगे। 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का उत्सव’ होगा, जिसमें पोषण, टीकाकरण और महिला-बाल कल्याण योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
‘कहानी बदलाव की’ के तहत सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की सफलता की कहानियां सामने लाई जाएंगी। वहीं ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ में करीब 50 ऐसे स्थानों का दौरा कराया जाएगा, जिन्हें विकास और बदलाव का उदाहरण माना जा रहा है। अभियान के अंतिम दिन ‘जनसेवक महाकुंभ’ में पंचायत से संसद तक करीब 1.25 लाख जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की योजना है।



