ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, अरुण साव ने तैयारियों की समीक्षा की

रायपुर। उपमुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने मंगलवार को प्रदेश के नगरीय निकायों के महापौरों, आयुक्तों, अध्यक्षों और मुख्य नगर पालिका अधिकारियों के साथ बैठक कर सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान को जनभागीदारी का व्यापक स्वरूप देने के निर्देश दिए गए।

अरुण साव ने कहा कि अभियान के जरिए जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाई जाए और विकसित भारत-2047 के संकल्प से लोगों को जोड़ा जाए। उन्होंने समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सेवा—मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’ और ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी। इसका समापन 17 अक्टूबर को ‘जनसेवक महाकुंभ—पंचायत से पार्लियामेंट’ के साथ प्रस्तावित है।

लाभार्थियों की कहानी सोशल मीडिया पर दिखेगी

उपमुख्यमंत्री ने अभियान की गतिविधियों की फोटो-वीडियो रिकॉर्डिंग और रील बनाकर सोशल मीडिया पर साझा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में आए वास्तविक बदलावों और लाभार्थियों की प्रेरणादायी कहानियों को सामने लाया जाए।

‘सेवा सेतु अभियान’ के जरिए नागरिकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने और उनकी जानकारी एक स्थान पर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

स्वच्छता अभियान में जनभागीदारी

बैठक में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ की गतिविधियों की भी समीक्षा हुई। साव ने नागरिकों, विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं और सामाजिक संगठनों को जोड़कर स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने ऐसे स्थान चिन्हित कर विशेष अभियान चलाने और काम से पहले व बाद की तस्वीरों के जरिए बदलाव दर्ज करने को कहा। अधिकारियों को गतिविधियों की नियमित निगरानी और समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश भी दिए गए।

Related Articles

Back to top button