ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सरगुजा संभाग में 44 सड़क परियोजनाओं को मंजूरी, खर्च होंगे ₹1,093 करोड़

सरगुजा। छत्तीसगढ़ सरकार ने सरगुजा संभाग के सभी छह जिलों में सड़क नेटवर्क मजबूत करने के लिए 44 प्रमुख सड़क परियोजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति दी है। इन कार्यों पर कुल 1,093.73 करोड़ रुपए खर्च होंगे। परियोजनाओं में नई सड़क, चौड़ीकरण, डामरीकरण, सुदृढ़ीकरण, फोरलेन निर्माण और जरूरत के अनुसार पुल-पुलिया बनाए जाएंगे।

सरगुजा जिले में अंबिकापुर के लरंगसाय चौक-रामानुजगंज मार्ग के 5 किमी फोरलेन चौड़ीकरण के लिए 69.10 करोड़ और गांधी चौक से रेलवे स्टेशन तक 5 किमी फोरलेन के लिए 61.34 करोड़ रुपए मंजूर हुए हैं। सोनतराई-मैनपाट मार्ग के लिए 26.33 करोड़ रुपए समेत कई सड़क और पुलिया कार्य होंगे।

सूरजपुर में तारा-प्रेमनगर-रामानुजनगर-कृष्णपुर के 63 किमी मार्ग के लिए 64.93 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। कल्याणपुर-लटोरी मार्ग, विशुनपुर-सूरजपुर-ओड़गी मार्ग और 17 किमी रिंग रोड का भी सुदृढ़ीकरण होगा।

बलरामपुर-रामानुजगंज में परसवार-चलगली मार्ग के उन्नयन के लिए 38.80 करोड़, वाड्रफनगर-जनकपुर-बलंगी मार्ग के लिए 35.32 करोड़ और कामेश्वरनगर-लुरगी मार्ग के लिए 25.69 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं।

जशपुर में लुड़ेग-बागबहार-तपकरा-लवाकेरा मार्ग के सुदृढ़ीकरण के लिए 40.32 करोड़, पत्थलगांव के पहाड़ी हिस्सों के उन्नयन के लिए 36.85 करोड़ और बतौली-बगीचा-चरईडांड मार्ग के लिए 34.44 करोड़ रुपए स्वीकृत हुए हैं।

कनेक्टिविटी से बढ़ेंगे रोजगार और कारोबार

इन परियोजनाओं से दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। किसानों को उपज बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी और स्थानीय कारोबार को गति मिलेगी। बेहतर सड़कें स्कूल, कॉलेज और अस्पतालों तक पहुंच भी आसान करेंगी।

सरकारी योजनाओं और प्रशासनिक सेवाओं का लाभ गांवों तक तेजी से पहुंच सकेगा। सरकार के मुताबिक, ये परियोजनाएं सरगुजा संभाग के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति देंगी।

Related Articles

Back to top button