नवा रायपुर में प्रोफेशनल गोल्फ टूर्नामेंट, छत्तीसगढ़ बनेगा स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन

रायपुर। छत्तीसगढ़ अब ‘धान के कटोरे’ की पहचान से आगे बढ़कर देश के उभरते स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन के रूप में पहचान बना रहा है। नवा रायपुर में आयोजित ‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश की खेल यात्रा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। फेयरवे गोल्फ एंड कंट्री क्लब रिजॉर्ट में आयोजित प्रतियोगिता में देश-विदेश के 132 प्रोफेशनल खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 18 विदेशी खिलाड़ी हैं।
मुख्यमंत्री साय ने प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण किया और खिलाड़ियों का स्वागत किया। 1983 क्रिकेट विश्व कप विजेता टीम के कप्तान और प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया के अध्यक्ष कपिल देव भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने खुद गोल्फ खेलकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
हर साल गोल्फ टूर्नामेंट की मांग
कपिल देव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में गोल्फ के लिए बेहतर संभावनाएं हैं। उन्होंने इच्छा जताई कि यह प्रतियोगिता हर साल प्रदेश में आयोजित हो और इसकी तारीखें पहले से तय की जाएं। इससे देश-विदेश के खिलाड़ी अपने टूर्नामेंट कैलेंडर के अनुसार यहां आने की योजना बना सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजनों से खेल संस्कृति मजबूत होने के साथ खेल पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। सरकार मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के जरिए प्रतिभाओं को आधुनिक प्रशिक्षण और बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने पर काम कर रही है। प्रदेश में नेशनल ट्राइबल गेम्स, बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजन भी हो चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता और जनजातीय संस्कृति से परिचित होने का न्योता दिया। उन्होंने बस्तर के चित्रकोट जलप्रपात और सरगुजा के पर्यटन स्थलों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि नवा रायपुर में बड़े गोल्फ आयोजनों से छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय गोल्फ मानचित्र पर अपनी जगह मजबूत करेगा।





