तेलीबांधा में दीया बेच रही मीरा से मिले CM साय

रायपुर। रायपुर के तेलीबांधा मरीन ड्राइव में सड़क किनारे मिट्टी के दीये बेच रही मीरा के लिए बुधवार का दिन खास बन गया। रोज की तरह वह अपने छोटे से पसरे पर दीये सजाकर ग्राहकों का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का काफिला उसके पसरे के पास रुका। मुख्यमंत्री ने मीरा से मिट्टी का एक दीया खरीदा और उसे 1 हजार रुपए दिए।
मुख्यमंत्री ने बिना किसी औपचारिकता के मीरा से उसके काम और परिवार का हालचाल पूछा। उन्होंने यह भी जाना कि उसे केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं। मीरा ने बताया कि उसका प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत बैंक खाता है और उसे महतारी वंदन योजना से हर महीने 1 हजार रुपए मिलते हैं।
योजनाओं का लाभ मिलने की जानकारी पर मुख्यमंत्री ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं की सार्थकता तभी है, जब उनका लाभ सीधे जरूरतमंदों तक पहुंचे और उनके जीवन को बेहतर बनाने में मदद करे। उन्होंने कहा कि जनधन योजना ने गरीब और जरूरतमंद परिवारों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़कर आर्थिक समावेशन का आधार मजबूत किया है।
छोटे कारोबारियों के श्रम का सम्मान
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क किनारे पसरा लगाने वाले छोटे विक्रेता, कुम्हार, शिल्पकार और स्थानीय उत्पाद तैयार करने वाली महिलाएं आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ की ताकत हैं। स्थानीय कारीगरों से सामान खरीदना उनके परिवार और आजीविका को सहारा देना है।
मीरा से खरीदा गया दीया ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत होने वाले ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में शामिल होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि दीया आशा, सेवा और सकारात्मक संकल्प का प्रतीक है। एक छोटा प्रयास भी समाज में बड़ा बदलाव ला सकता है।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान में लोगों से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंदों की सहायता जैसे कार्यों से जुड़ने की अपील की गई है। इस दौरान विधायक पुरंदर मिश्रा भी मौजूद रहे।





