जिला अस्पताल के डीजल पर सियासत: कांग्रेस विधायक बोले- BJP नेताओं की गाड़ियों में भराया ईंधन, भाजपा MLA ने आरोपों को बताया गलत

जांजगीर-चांपा। जिला अस्पताल में कथित डीजल गड़बड़ी को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है।
कांग्रेस विधायक व्यास कश्यप ने आरोप लगाया है कि अस्पताल के जनरेटर के लिए खरीदा गया सरकारी डीजल भाजपा नेताओं की गाड़ियों में इस्तेमाल किया गया। उन्होंने इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
वहीं भाजपा ने आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए विधायक से तीन दिन के भीतर माफी मांगने की चेतावनी दी है।
विधायक व्यास कश्यप ने दावा किया कि जिला अस्पताल में महज तीन दिनों के भीतर जनरेटर के नाम पर करीब 1.10 लाख रुपए का डीजल खपाया गया।
उनका आरोप है कि इस डीजल का लाभ भाजपा नेताओं के वाहनों को मिला। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके।
विधायक ने एक अन्य विवाद का भी जिक्र किया। उनका कहना है कि पामगढ़ के भाजपा नेता शरद शर्मा के कथित वायरल व्हाट्सएप मैसेज में भाजपा जिलाध्यक्ष अमेश जांगड़े पर एल्डरमैन बनाने के नाम पर ढाई लाख रुपए लेने का आरोप लगाया गया है।
उन्होंने इस मामले की भी जांच की मांग की। आरोपों के बाद भाजपा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पलटवार किया। भाजपा जिला महामंत्री नंद कुमार चौधरी ने कहा कि शरद शर्मा का मोबाइल हैक हो गया था और वायरल संदेश वास्तविक नहीं है।
उन्होंने कहा कि संगठन इस मामले से पहले ही अवगत है। डीजल मामले पर भाजपा ने कांग्रेस विधायक के आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताते हुए सबूत पेश करने की चुनौती दी है।
नंद कुमार चौधरी ने कहा कि यदि विधायक व्यास कश्यप तीन दिन के भीतर सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते हैं तो भाजपा उनके खिलाफ आंदोलन शुरू करेगी।
फिलहाल दोनों पक्ष आमने-सामने हैं। मामले को लेकर प्रशासन की ओर से किसी जांच या कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।





