इंद्रावती का जलस्तर घटा, कलेक्टर पहुंचे राहत शिविर; बाढ़ पीड़ितों से मिले

बीजापुर। इंद्रावती नदी में आई बाढ़ के बीच जिला प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में जुटा हुआ है। गुरुवार को कलेक्टर विश्वदीप ने भोपालपटनम स्थित इंद्रावती नदी के तिमेड़ पुल का निरीक्षण कर नदी की स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने चंद्रगिरी राहत शिविर पहुंचकर बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।
कलेक्टर ने राहत शिविर में रह रहे लोगों का हालचाल जाना और भोजन, कपड़े, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाओं सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत शिविर में किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी प्रभावित परिवारों को आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।
कलेक्टर विश्वदीप ने बाढ़ से हुई क्षति का सर्वे कर प्रभावित लोगों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने का भरोसा भी दिलाया। उन्होंने कहा कि प्रशासन हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ा है और राहत कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ), एसडीएम सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
इस बीच राहत की बात यह है कि इंद्रावती नदी का जलस्तर धीरे-धीरे कम होने लगा है। दोपहर 12 बजे तक तिमेड़ क्षेत्र में नदी का जलस्तर घटकर 16.470 मीटर दर्ज किया गया। हालांकि प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है, क्योंकि 17 मीटर का स्तर खतरे का निशान माना जाता है। निचले इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है और हालात पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है।





