ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने वाली टीम की सदस्य संजू देवी से CM साय ने की बात

कोरबा की कबड्डी खिलाड़ी को फोन पर दी बधाई; कहा- उनकी उपलब्धि प्रदेश की बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य और छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की संजू देवी से फोन पर बातचीत की। मुख्यमंत्री ने उन्हें टीम की स्वर्णिम सफलता के लिए बधाई दी और उनके प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संजू देवी की उपलब्धि से छत्तीसगढ़ गौरवान्वित हुआ है।

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने फाइनल मुकाबले में ईरान को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक जीत में कोरबा की संजू देवी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मुख्यमंत्री ने बातचीत के दौरान कहा कि संजू ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल कौशल के दम पर राष्ट्रीय टीम में जगह बनाई और अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व किया।

युवा खिलाड़ियों को मिलेगी प्रेरणा

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटियां शिक्षा, खेल समेत विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। संजू देवी की सफलता प्रदेश के उन युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी, जो खेल के क्षेत्र में आगे बढ़कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और छोटे शहरों में मौजूद प्रतिभाओं को उचित अवसर और मंच उपलब्ध कराना जरूरी है।

खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को प्रशिक्षण, सुविधाएं और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है। गांवों, आदिवासी अंचलों और छोटे शहरों से निकलने वाले खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने भारतीय महिला कबड्डी टीम के सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ को भी जीत की बधाई दी। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ ओलिंपिक संघ के महासचिव विक्रम सिसोदिया मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button