ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

बिहान से मिली उड़ान, 60 हजार के ऋण से हेमलता बनीं महिला कृषक-उद्यमी

सब्जी उत्पादन बढ़ाया, बाजार में रोज 3 से 4 हजार रुपए तक का कारोबार; सालाना करीब 2 लाख रुपए की आमदनी

रायपुर। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम डोमाडीह (अ) की हेमलता पटेल ने मेहनत और सही अवसर के जरिए अपनी जिंदगी में बड़ा बदलाव किया है। कभी घर-परिवार तक सीमित रहने वाली हेमलता अब खेती और सब्जी उत्पादन के जरिए परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ से जुड़ने के बाद उन्हें स्वरोजगार की नई राह मिली।

हेमलता गांव के खुशी स्व सहायता समूह से जुड़ीं। समूह के जरिए उन्हें बचत, वित्तीय प्रबंधन और आजीविका से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने समूह और क्लस्टर के सहयोग से 60 हजार रुपए का ऋण लिया। इस राशि का इस्तेमाल उन्होंने पारंपरिक खेती के साथ सब्जी उत्पादन बढ़ाने में किया।

बाजार में बढ़ी उपज की मांग

हेमलता ने खेती में बेहतर प्रबंधन अपनाया और खेत में तैयार ताजी सब्जियों को स्थानीय बाजार तक पहुंचाना शुरू किया। मेहनत का असर यह हुआ कि उनकी उपज की मांग बढ़ने लगी। मुख्य दिनों में उनका दैनिक कारोबार 3 से 4 हजार रुपए तक पहुंच गया। वर्तमान में खेती और सब्जी उत्पादन से वे सालाना करीब 2 लाख रुपए की आमदनी अर्जित कर रही हैं।

परिवार के फैसलों में भी बढ़ी भागीदारी

आय बढ़ने से परिवार को आर्थिक स्थिरता मिली है। बच्चों की पढ़ाई और बेहतर भविष्य को लेकर भी हेमलता का भरोसा बढ़ा है। अब वे परिवार के आर्थिक और अन्य महत्वपूर्ण फैसलों में भी सक्रिय भूमिका निभाती हैं।

‘बिहान’ और खुशी स्व सहायता समूह से मिले सहयोग ने हेमलता को गृहिणी से महिला कृषक-उद्यमी बनने का अवसर दिया। उनकी कहानी बताती है कि ग्रामीण महिलाओं को वित्तीय सहायता, समूह का सहयोग और सही मार्गदर्शन मिले तो वे खेती को आय के मजबूत साधन में बदल सकती हैं।

Related Articles

Back to top button