ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सरगुजा के 55 हेक्टेयर में अरहर की नई किस्मों का प्रयोग, फूलों से लदी फसल पर वैज्ञानिकों की नजर

रायपुर। छत्तीसगढ़ में दलहन उत्पादन बढ़ाने के लिए आत्मनिर्भरता दलहन मिशन के तहत सरगुजा जिले में किसानों के खेतों पर अरहर की उन्नत किस्मों का समूह अग्रिम पंक्ति प्रदर्शन किया जा रहा है।

कृषि विज्ञान केंद्र, सरगुजा की ओर से 55 हेक्टेयर क्षेत्र में छत्तीसगढ़ अरहर-1 और छत्तीसगढ़ अरहर-2 की खेती कराई गई है। वर्तमान में फसल अच्छी बढ़वार के साथ पूर्व-फूलावस्था और फूल आने की शुरुआती अवस्था में पहुंच गई है।

5 गांवों में खेत बने प्रदर्शन केंद्र

अम्बिकापुर विकासखंड के सोहगा, बरकेला, खजुरी और नानदमाली तथा उदयपुर विकासखंड के कुमडेवा गांव में किसानों के खेतों को उन्नत तकनीक के प्रदर्शन केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के निर्देश और कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. संदीप शर्मा के मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम चल रहा है।

पौधों में अच्छी हरित वृद्धि

कृषि वैज्ञानिकों के मुताबिक प्रदर्शन वाले खेतों में अरहर के पौधों की ऊंचाई, हरित वृद्धि और शाखाओं का विकास अच्छा है। फूल और आगे फलियां बनने की अवस्था को देखते हुए किसानों को इस समय फसल प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई है। वैज्ञानिक खेतों में जाकर नमी प्रबंधन, खरपतवार नियंत्रण, पोषक तत्व प्रबंधन और कीट-रोग नियंत्रण की जानकारी दे रहे हैं।

फली छेदक समेत अन्य कीटों की नियमित निगरानी करने और जरूरत पड़ने पर वैज्ञानिकों की अनुशंसा के अनुसार ही कीटनाशक का उपयोग करने कहा गया है।

किसानों को बीज उत्पादन से भी जोड़ा

कृषि विज्ञान केंद्र ने किसानों का सीड हब के तहत बीज पंजीयन भी कराया है। इससे किसान उन्नत किस्मों के गुणवत्तापूर्ण बीज उत्पादन की तकनीक सीख सकेंगे। केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. पीआर पैकरा, डॉ. एसपी गुप्ता, डॉ. ज्ञानेंद्र कुमार, डॉ. विवेक कुमार सांडिल्य और डॉ. लीलाधर साहू किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन दे रहे हैं।

Related Articles

Back to top button