ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

महंगी बिजली के खिलाफ कांग्रेस का बड़ा आंदोलन: 1 से 3 अगस्त तक प्रदेशभर में प्रदर्शन, CM हाउस घेराव का ऐलान

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बढ़ते बिजली बिलों के विरोध में कांग्रेस ने बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। पार्टी 1 अगस्त से 3 अगस्त तक पूरे प्रदेश में तीन दिवसीय चरणबद्ध प्रदर्शन करेगी। कांग्रेस का आरोप है कि महंगी बिजली से आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है, जिसके खिलाफ अब जनता के बीच जाकर अभियान चलाया जाएगा।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रेसवार्ता में आंदोलन की रूपरेखा जारी करते हुए बताया कि 1 अगस्त को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बिजली दरों और बढ़े हुए बिलों के मुद्दे को जनता के सामने रखेंगे।

इसके बाद 2 अगस्त को कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर उपभोक्ताओं से महंगे बिजली बिल के विरोध में आवेदन भरवाएंगे। पार्टी का दावा है कि इन आवेदनों के माध्यम से लोगों की शिकायतें सरकार तक पहुंचाई जाएंगी।

आंदोलन के अंतिम चरण में 3 अगस्त को प्रदेशभर से कांग्रेस कार्यकर्ता रायपुर पहुंचकर मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे। कांग्रेस ने इसे महंगी बिजली के खिलाफ प्रदेशव्यापी जनआंदोलन बताया है।

प्रेसवार्ता में प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के साथ प्रदेश महामंत्री मालकित सिंह गेंदू, राजेंद्र तिवारी, पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा तथा शहर और ग्रामीण कांग्रेस के जिलाध्यक्ष भी मौजूद रहे।

कांग्रेस ने कहा कि यदि बिजली दरों और उपभोक्ताओं की समस्याओं पर सरकार ने ठोस कदम नहीं उठाए, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। पार्टी का कहना है कि वह आम उपभोक्ताओं के हितों की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ती रहेगी।

Related Articles

Back to top button