ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

अवैध शराब पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस पर हमला, ग्रामीणों ने की मारपीट; 6 गिरफ्तार

गरियाबंद। जिले के छुरा थाना क्षेत्र के डोंगरीपानी गांव में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया।

कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की और मारपीट की, जिसके चलते पुलिस को देर रात गांव से बाहर निकलना पड़ा।

घटना के बाद शुक्रवार सुबह अतिरिक्त पुलिस बल के साथ दोबारा अभियान चलाया गया और पुलिस ने चार पुरुष, एक महिला तथा एक नाबालिग सहित कुल छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, डोंगरीपानी गांव में लंबे समय से अवैध शराब निर्माण और बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन कार्रवाई का विरोध करते हुए कुछ ग्रामीणों ने पुलिस पर हमला कर दिया।

इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, पुलिसकर्मियों से मारपीट करने और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।

घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण छुरा थाने पहुंच गए। स्थिति को देखते हुए किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए थाने और आसपास के क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।

गरियाबंद पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने कहा कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों और पुलिस पर हमला करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने बताया कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button