रायपुर में आधी रात धधका ऑक्टोपस बार: हार्डवेयर दुकान से भड़की आग, 4 दुकानें जलकर खाक

रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा इलाके में बुधवार देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। ऑक्टोपस बार के पास करीब रात 1 बजे हार्डवेयर की दुकान में आग लगी।
देखते ही देखते लपटें इतनी तेजी से फैलीं कि आसपास की चार दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। इनमें ऑक्टोपस बार भी शामिल है। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 13 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कई घंटे की मशक्कत के बाद सुबह आग पर काबू पाया जा सका।
तेज बारिश के बावजूद आग बुझाने में हुई परेशानी
तेलीबांधा थाना प्रभारी अजय झा के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में आग हार्डवेयर की दुकान से शुरू होने की बात सामने आई है। दुकान में रखे सामान के कारण आग तेजी से फैल गई। कुछ ही देर में आसपास की दुकानों तक लपटें पहुंच गईं।
आग इतनी भीषण थी कि मौके पर मौजूद दमकल कर्मियों को इसे नियंत्रित करने में काफी परेशानी हुई। इस दौरान तेज बारिश भी हो रही थी, इसके बावजूद आग पर काबू पाने के लिए दमकल की टीम लगातार जुटी रही। कई घंटों की कार्रवाई के बाद सुबह आग पूरी तरह नियंत्रित की गई।
ऑक्टोपस बार समेत 3 दुकानों को भारी नुकसान
आग की चपेट में आने से ऑक्टोपस बार समेत आसपास की तीन अन्य दुकानों को भारी नुकसान हुआ है। दुकानों में रखा सामान जलकर खराब होने की आशंका है। फिलहाल नुकसान का विस्तृत आकलन नहीं किया गया है।
घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।





