करेले के ढेर से निकला कोबरा, युवक को डसा: बिलासपुर के साप्ताहिक बाजार में मची भगदड़

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मंगलवार को नेहरू नगर स्थित साप्ताहिक सब्जी बाजार में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब करेले के ढेर से अचानक एक कोबरा फन फैलाकर बाहर निकल आया। करेला छांट रहे एक युवक को सांप ने पैर में डस लिया। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक को तत्काल सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में करेले के ढेर से कोबरा निकलते देखा जा सकता है। बरसात के मौसम में जहरीले जीव-जंतुओं के निकलने की आशंका को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की जा रही है।
करेला छांटते समय अचानक निकला कोबरा
जानकारी के मुताबिक, सरकंडा क्षेत्र के बहतराई निवासी बिहारी साहू मंगलवार को सब्जी खरीदने के लिए बाजार पहुंचे थे। वह एक दुकान पर करेले के ढेर से सब्जियां छांट रहे थे। इसी दौरान ढेर में छिपा कोबरा अचानक फन फैलाकर बाहर निकल आया। युवक कुछ समझ पाता, इससे पहले ही सांप ने उसके पैर में डस लिया।

सांप के काटने के बाद आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। बाजार में मौजूद ग्राहक सब्जियां छोड़कर इधर-उधर भागने लगे। दुकानदारों में भी दहशत फैल गई।
झाड़ियों से आकर करेले में छिपा था सांप
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक सब्जी विक्रेता करेले समेत अन्य सब्जियां बेच रहा था। बताया जा रहा है कि पास की झाड़ियों से निकलकर कोबरा सब्जियों के ढेर में पहुंच गया और करेले के बीच छिप गया। इसी दौरान बिहारी साहू करेला छांटने लगे और सांप ने उन्हें डस लिया।
घटना के बाद युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल उसकी हालत को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। बरसात के मौसम में सांप और अन्य जहरीले जीवों के सक्रिय होने को देखते हुए लोगों से सब्जियां और सामान उठाते समय सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।





