ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में बनेंगे 4 नए औद्योगिक पार्क: राजनांदगांव, धमतरी, जांजगीर-चांपा और बस्तर में मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर

रायपुर। छत्तीसगढ़ में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा करने के लिए राज्य सरकार ने चार नए औद्योगिक पार्क विकसित करने का फैसला लिया है।

मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में बुधवार को उद्योग एवं वाणिज्य विभाग की राज्य स्तरीय समिति की बैठक हुई। इसमें औद्योगिक विकास योजना के तहत चार मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर स्थापित करने के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

इन चार जिलों में बनेंगे औद्योगिक पार्क

समिति की दूसरी बैठक में प्रदेश के चार जिलों में औद्योगिक पार्क स्थापित करने के प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा हुई। राजनांदगांव जिले के पटेवा में स्पेशल मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर स्थापित किया जाएगा। वहीं धमतरी जिले के धूम्रपाली में मल्टी सेक्टर मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर बनेगा।

इसी तरह जांजगीर-चांपा जिले के सलखान और बस्तर जिले के नियानार में भी मल्टी सेक्टर मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर विकसित किए जाएंगे। इन औद्योगिक पार्कों के विकसित होने से संबंधित क्षेत्रों में उद्योगों की स्थापना को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ने की उम्मीद है।

केंद्र और राज्य की संयुक्त पहल

औद्योगिक विकास को गति देने के लिए केंद्र सरकार की भारत औद्योगिक योजना को छत्तीसगढ़ सरकार अपनी औद्योगिक विकास नीति के तहत लागू कर रही है। योजना के तहत विभिन्न परियोजनाओं को समयबद्ध मंजूरी देने और प्रभावी क्रियान्वयन की निगरानी के लिए राज्य स्तरीय समिति का गठन किया गया है।

बैठक में वित्त विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार, ऊर्जा विभाग के सचिव डॉ. सारांश मित्तर, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की विशेष सचिव इफ्फत आरा समेत संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button