तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पेड़ से टकराकर पलटी, 18 साल के युवक की मौत; दूसरा गंभीर

कटघोरा-बांकी मुख्य मार्ग पर शुक्रवार तड़के हादसा; टक्कर के बाद करीब 50 मीटर दूर जाकर पलटी कार, वाहन के उड़े परखच्चे
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। कटघोरा-बांकी मुख्य मार्ग पर शुक्रवार तड़के एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई।
टक्कर के बाद गाड़ी करीब 50 मीटर दूर जाकर पलट गई। हादसे में कार सवार 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए।
पेड़ से टकराने के बाद पलटी कार
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार तड़के स्कॉर्पियो में दो युवक सवार थे। कार की रफ्तार काफी तेज थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और स्कॉर्पियो सीधे सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी।
टक्कर के बाद वाहन उछलकर करीब 50 मीटर दूर जा पलटा। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
रूपेश की मौत, आर्यन अस्पताल में भर्ती
हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान 18 वर्षीय रूपेश पटेल के रूप में हुई है। वहीं, दूसरा युवक आर्यन गोंड गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों को लेकर आवश्यक कार्रवाई की। रूपेश के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, जबकि घायल आर्यन को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे की वजह तलाश रही पुलिस
पुलिस ने दोनों युवकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि स्कॉर्पियो किस वजह से अनियंत्रित हुई। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।





