StateNewsदेश - विदेश

जमीन बेचने के विवाद में परिवार के 4 लोगों ने खाया जहर, 3 की मौत

हाजीपुर के प्रेमराज गांव की घटना; सास, बहू और 12 साल के पोते ने दम तोड़ा, 15 वर्षीय पोती की हालत गंभीर

हाजीपुर। बिहार के वैशाली जिले में जमीन बेचने के विवाद के बाद एक ही परिवार के चार सदस्यों के जहर खाने का मामला सामने आया है।

घटना में सास, बहू और 12 साल के पोते की मौत हो गई, जबकि 15 साल की पोती की हालत गंभीर है। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना गोरौल थाना क्षेत्र के प्रेमराज गांव की है।

मृतकों की पहचान निर्मला देवी (55), उनकी बहू सीमा देवी (35) और पोते मुन्ना कुमार (12) के रूप में हुई है। वहीं, 15 वर्षीय पोती ऋषिका गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार रात परिवार के चारों सदस्यों ने जहर खा लिया था। शुक्रवार सुबह जब लोगों को घटना का पता चला, तब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी थी।

बेटे के जमीन बेचने से परिवार था परेशान

स्थानीय स्तर पर सामने आई जानकारी के अनुसार, निर्मला देवी का बेटा राहुल लगातार जमीन बेच रहा था। गुरुवार को भी उसने जमीन बेची और इसके बाद कहीं चला गया।

बताया जा रहा है कि जमीन बेचने को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था। इसी बात से आहत होकर परिवार के चारों सदस्यों के जहर खाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह की पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे

घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

सूचना पर गोरौल थाने की पुलिस के साथ आसपास के थानों की टीम भी गांव पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू की।

गोरौल थाना प्रभारी सुनील कुमार के मुताबिक, प्रथम दृष्टया जहर खाने से मौत होने की बात सामने आई है।

पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। तीनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। गंभीर हालत में भर्ती ऋषिका का इलाज जारी है।

Related Articles

Back to top button