अगस्त में होगी शीघ्रलेखन-मुद्रलेखन कौशल परीक्षा: रायपुर, दुर्ग समेत 5 संभागों में बनाए गए परीक्षा केंद्र

रायपुर। छत्तीसगढ़ में शीघ्रलेखन एवं मुद्रलेखन कंप्यूटर कौशल परीक्षा परिषद, लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा अगस्त 2026 में विभिन्न तिथियों पर मुद्रलेखन और कंप्यूटर मुद्रलेखन कौशल परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
परीक्षाओं के सुचारू संचालन के लिए रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, सरगुजा और बस्तर संभाग में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
इन तारीखों पर होंगी परीक्षाएं
1 अगस्त को अंग्रेजी मुद्रलेखन परीक्षा आयोजित होगी। इसमें 10 हजार की-डिप्रेशन प्रति घंटा की गति निर्धारित है। यह परीक्षा 5 केंद्रों पर होगी। 2 अगस्त को हिंदी मुद्रलेखन परीक्षा होगी। इसकी गति भी 10 हजार की-डिप्रेशन प्रति घंटा रखी गई है और इसके लिए रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, सरगुजा व बस्तर में 5 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
इसके अलावा 8 अगस्त को अंग्रेजी कंप्यूटर मुद्रलेखन परीक्षा होगी। इसमें 8 हजार की-डिप्रेशन प्रति घंटा की गति निर्धारित है और परीक्षा 8 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। 9 अगस्त को हिंदी कंप्यूटर मुद्रलेखन परीक्षा होगी। इसके लिए 9 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
वहीं 16 अगस्त को बिलासपुर और सरगुजा संभाग में एक-एक परीक्षा केंद्र पर परीक्षा आयोजित की जाएगी।
मूल पहचान पत्र लाना जरूरी
परीक्षार्थियों को परिषद द्वारा आवंटित परीक्षा केंद्र पर निर्धारित बैच और समय के अनुसार उपस्थित होना अनिवार्य होगा। परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए मूल पहचान पत्र साथ लाना जरूरी है। अभ्यर्थी आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड या मतदाता परिचय पत्र में से कोई एक मूल दस्तावेज प्रस्तुत कर सकते हैं।
परीक्षा कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी परिषद की वेबसाइट पर उपलब्ध है। प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की सूचना पंजीकृत मोबाइल नंबर पर SMS के माध्यम से भेजी जा चुकी है। लोक शिक्षण संचालनालय ने परीक्षार्थियों से प्रवेश पत्र में दिए गए सभी निर्देशों का कड़ाई से पालन करने की अपील की है।





