ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

नक्सल प्रभावित 4 जिलों में सड़क-पुल के कामों की समीक्षा: मुख्य सचिव ने कहा- अधूरे निर्माण जल्द पूरे करें

रायपुर। मंत्रालय महानदी भवन में बुधवार को विशेष केंद्रीय सहायता योजना (SCA) के तहत राज्य स्तरीय अंतर्विभागीय समिति की बैठक हुई। मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में हुई बैठक में नक्सल प्रभावित बीजापुर, नारायणपुर, कांकेर और सुकमा जिलों में आधारभूत संरचनाओं के निर्माण कार्यों की भौतिक और वित्तीय प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में सड़क, पुल-पुलिया, भवन समेत अन्य स्वीकृत निर्माण कार्यों की जिलेवार स्थिति पर चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को कार्ययोजना के अनुसार निर्माण कार्यों में तेजी लाने और लंबित कामों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने पूर्ण, अपूर्ण और प्रगतिरत कार्यों की विस्तार से जानकारी ली।

मुख्य सचिव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए चारों जिलों के कलेक्टरों से भी निर्माण कार्यों की स्थिति जानी। उन्होंने कहा कि कलेक्टर अपने-अपने जिलों में निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा करें और कार्यों को तय समयसीमा के भीतर पूरा कराने पर फोकस करें।

अधिकारियों ने बताया कि बीजापुर जिले में एससीए के तहत सड़क निर्माण के 28 कार्य पूरे किए जा चुके हैं। नारायणपुर में 7 और सुकमा में 9 सड़क निर्माण कार्य पूर्ण हो चुके हैं। इसी तरह पुल निर्माण के कांकेर जिले में 7 और सुकमा में 5 कार्य पूरे किए गए हैं। शेष स्वीकृत कार्यों को भी जल्द पूरा कराने की प्रक्रिया जारी है।

बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक सिंह, वित्त विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, पीसीसीएफ अरुण पाण्डेय, गृह विभाग के सचिव हिमशिखर गुप्ता, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव भीम सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। चारों जिलों के कलेक्टर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से बैठक में जुड़े।

Related Articles

Back to top button