ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

गुरु पूर्णिमा पर कोसमनारा पहुंचे CM साय: सत्यनारायण बाबा धाम में की पूजा-अर्चना, प्रदेश की खुशहाली की कामना

रायगढ़। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बुधवार को रायगढ़ जिले के ग्राम कोसमनारा स्थित प्रसिद्ध श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा धाम पहुंचे।

यहां उन्होंने भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन के लिए आशीर्वाद मांगा। इस दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी भी मौजूद रहे।

पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पवित्र अवसर है।

गुरु का आशीर्वाद व्यक्ति को जीवन में सही दिशा देने के साथ आत्मबल और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है।

उन्होंने कहा कि कोसमनारा स्थित श्री सत्यनारायण बाबा धाम छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं की भी गहरी आस्था का प्रमुख केंद्र है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पवित्र धाम की आध्यात्मिक ऊर्जा श्रद्धालुओं को शांति और आत्मबल प्रदान करती है।

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर यहां पहुंचकर भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने प्रदेश की सुख-शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की।

सीएम साय ने कहा कि प्रदेश सरकार गुरुजनों के आशीर्वाद और जनता के विश्वास के साथ जनकल्याण के रास्ते पर लगातार आगे बढ़ रही है।

सरकार का प्रयास है कि विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

उन्होंने कहा कि राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए सरकार निरंतर काम कर रही है।

कार्यक्रम में नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान, प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर धाम में श्रद्धालुओं की भी आवाजाही रही।

Related Articles

Back to top button