ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रिटायर्ड रेलकर्मी से 7.49 लाख की ठगी: PPO नंबर रिवाइज कराने का झांसा देकर खाते से उड़ाई रकम, HRMS ऐप डाउनलोड करवाया

रायपुर। रेलवे कर्मचारी को रिटायरमेंट के बाद PPO नंबर रिवाइज कराने का झांसा देकर साइबर ठग ने बैंक खाते से करीब साढ़े सात लाख रुपए पार कर दिए।

आरोपी ने खुद को DRM ऑफिस का कर्मचारी बताया और प्रक्रिया पूरी कराने के नाम पर मोबाइल में रेलवे का HRMS ऐप और बैंक से जुड़ा लिंक डाउनलोड करवाया।

कुछ ही देर में खाते से 7 लाख 49 हजार 783 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर हो गए। मामले में डीडी नगर पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, विकास विहार कॉलोनी, रायपुरा निवासी श्रद्धा जोल्दे (52) ने शनिवार रात थाने में शिकायत दर्ज कराई।

उन्होंने बताया कि 11 अक्टूबर की आधी रात उनके पति राजू जोल्दे के मोबाइल पर 9501965589 नंबर से फोन आया था। कॉल करने वाले ने खुद को DRM ऑफिस का कर्मचारी बताया।

रिटायरमेंट के बाद PPO अपडेट कराने का झांसा

फोन करने वाले ने राजू जोल्दे से कहा कि रेलवे कर्मचारियों को रिटायरमेंट के एक साल बाद अपना पेंशन पेमेंट ऑर्डर (PPO) नंबर रिवाइज कराना पड़ता है।

ठग ने इस प्रक्रिया को जरूरी बताते हुए उन्हें अपने झांसे में ले लिया। इसके बाद उसने राजू के मोबाइल पर रेलवे का HRMS ऐप और बैंक ऑफ बड़ौदा से जुड़ा एक लिंक डाउनलोड करवाया।

बताया गया है कि प्रक्रिया पूरी करने के कुछ ही देर बाद उनके बैंक खाते से 7,49,783 रुपए निकल गए। खाते से रकम ट्रांसफर होने का पता चलने पर परिवार ने पुलिस से शिकायत की।

कॉल नंबर और बैंक खातों की जांच

डीडी नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस कॉल करने वाले मोबाइल नंबर और जिन बैंक खातों में रकम ट्रांसफर हुई है, उनकी जानकारी जुटा रही है।

Related Articles

Back to top button