ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

कोयला खदान में पार्टनर बनाने के नाम पर 4.55 करोड़ की ठगी: KNS विनायक माइनिंग के डायरेक्टर अमन नारायण सिंह पर FIR

रायपुर। कोयला खनन कारोबार में पार्टनर बनाने और मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर कारोबारी से 4 करोड़ 55 लाख 25 हजार रुपए से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है।

आरोप है कि रकम लेने के बाद न तो निवेश की राशि लौटाई गई और न ही मुनाफे का हिसाब दिया गया। शिकायत पर तेलीबांधा पुलिस ने KNS विनायक माइनिंग के डायरेक्टर अमन नारायण सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक न्यासभंग और षड्यंत्र की धाराओं में FIR दर्ज की है।

पुलिस के मुताबिक, ऐश्वर्या रेसिडेंसी निवासी अक्षत राजन थ्री डायमंड इंडस्ट्रीज के संचालक हैं। उनकी पहचान कुछ समय पहले KNS विनायक माइनिंग के डायरेक्टर अमन नारायण सिंह से हुई थी।

आरोप है कि अमन ने उन्हें कोरबा जिले के पाली स्थित सरायपाली ओपन कास्ट कोल माइन में बिजनेस पार्टनर बनाने का प्रस्ताव दिया। उसने भरोसा दिलाया कि निवेश करने पर कारोबार में हिस्सेदारी के साथ मुनाफा और मूल रकम भी वापस मिलेगी।

RTGS-NEFT से ट्रांसफर किए 4.55 करोड़

प्रस्ताव पर भरोसा कर अक्षत राजन ने आरोपी के अलग-अलग बैंक खातों में RTGS और NEFT के जरिए कुल 4,55,25,296 रुपए ट्रांसफर किए। इसके बाद वे खदान के संचालन में भी सक्रिय रूप से शामिल हुए।

वर्ष 2023-24 में माइनिंग कार्य के लिए ईंधन, मशीनों के रखरखाव और दूसरी जरूरी व्यवस्थाओं पर भी उन्होंने अतिरिक्त रकम खर्च की।

मुनाफा मांगा तो करने लगा टालमटोल

शिकायत के अनुसार, जब अक्षत ने निवेश की मूल रकम और मुनाफा मांगा तो आरोपी टालमटोल करने लगा। पिछले एक-दो साल से लगातार मांग के बावजूद रकम नहीं लौटाई गई। लेन-देन और खर्चों का हिसाब भी नहीं दिया गया।

आखिरकार आरोपी ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया। इसके बाद अक्षत ने 14 नवंबर को तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने BNS की धारा 318(4), 316 और 61 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपों की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button