रायपुर की चौपाटी में भीषण आग: आधा दर्जन दुकानें जलकर खाक, सिलेंडर ब्लास्ट से बढ़ा नुकसान

रायपुर। राजधानी रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित चौपाटी में रविवार दोपहर भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर 5 से 6 दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं।
इस दौरान एक दुकान में सिलेंडर ब्लास्ट होने से आग ने और विकराल रूप ले लिया। हादसे में दुकानों में रखा सामान जल गया। घटना में लाखों रुपए के नुकसान का अंदेशा जताया जा रहा है।
आग लगने की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को इसकी जानकारी दी। इसके बाद फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए मशक्कत की। चौपाटी में खाने-पीने की कई दुकानें संचालित होती हैं। आग इन्हीं दुकानों में फैल गई, जिससे कारोबारियों को भारी नुकसान हुआ है।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
आग लगने की वास्तविक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आग के दौरान सिलेंडर ब्लास्ट होने से एक दुकान को भारी नुकसान पहुंचा।
5-6 दुकानों में रखा सामान जला
जोन अध्यक्ष सचिन मेघानी ने बताया कि आग लगने की जानकारी मिलते ही पुलिस को सूचना दी गई। चौपाटी की 5 से 6 दुकानों में आग लगी है। दमकल की टीम मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुटी रही। दुकानों में रखा सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। फिलहाल आग से हुए कुल नुकसान का आकलन नहीं किया गया है।





