ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

25 करोड़ की रंगदारी केस में शोएब ढेबर को हाईकोर्ट से राहत: दोबारा गिरफ्तारी के आदेश पर रोक, CJM-ADJ कोर्ट के फैसले पर लगाई रोक

रायपुर। कांग्रेस नेता आनंदमल कुकरेजा से 25 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने के मामले में आरोपी शोएब ढेबर को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट से राहत मिली है। हाईकोर्ट ने उसकी दोबारा गिरफ्तारी के लिए CJM और ADJ कोर्ट की ओर से जारी आदेशों पर रोक लगा दी है। जस्टिस पीपी साहू की एकल पीठ ने सुनवाई के बाद यह फैसला सुनाया। कोर्ट ने 27 सितंबर को रिमांड कोर्ट की ओर से शोएब को जमानत देने के फैसले को सही माना है।

दरअसल, रिमांड कोर्ट ने गिरफ्तारी की प्रक्रिया में खामियां पाए जाने पर पुलिस का रिमांड आवेदन खारिज कर शोएब को जमानत दे दी थी। पुलिस ने इस फैसले को चुनौती दी। इसके बाद CJM कोर्ट ने गिरफ्तारी को वैध मानते हुए जमानत का आदेश रद्द कर दोबारा गिरफ्तारी के निर्देश दिए। ADJ कोर्ट ने भी इस आदेश को बरकरार रखा था। अब हाईकोर्ट ने दोनों अदालतों के आदेशों पर रोक लगा दी है।

विदेशी नंबर से वॉट्सऐप पर मांगे थे 25 करोड़

मामला रायपुर के तेलीबांधा थाने में दर्ज FIR से जुड़ा है। पुलिस के मुताबिक, कांग्रेस नेता आनंदमल कुकरेजा को विदेशी नंबर से वॉट्सऐप पर धमकी भरे मैसेज भेजे गए थे। इनमें 25 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई थी। जांच के बाद पुलिस ने शोएब ढेबर को आरोपी बनाया और उसकी गिरफ्तारी के लिए इनाम भी घोषित किया था।

पहचान और गिरफ्तारी की प्रक्रिया पर उठे सवाल

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर शोएब को गिरफ्तार करने का दावा किया था। हालांकि, गिरफ्तारी की सूचना जिस युवक को दी गई, उसने कोर्ट में शोएब को पहचानने से इनकार कर दिया। गिरफ्तारी से जुड़े दस्तावेजों में भी खामियां सामने आई थीं।

पुलिसकर्मी और TI भी हो चुके हैं सस्पेंड

शोएब की दोबारा गिरफ्तारी के लिए छापेमारी के दौरान कार्रवाई के तरीके पर सवाल उठे थे। मामले में दो सिपाहियों को सस्पेंड किया गया। वहीं, PHQ को भेजी गई जांच रिपोर्ट के बाद TI विनीत दुबे को भी निलंबित कर दिया गया। उन पर कार्रवाई में अनुशासनहीनता के आरोप हैं।

Related Articles

Back to top button