ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

मलेरिया का कहर: 1270 लोगों की जांच में 35 पॉजिटिव, 6 बच्चे भी संक्रमित; 20 का इलाज जारी

कबीरधाम। छत्तीसगढ़ में कांकेर के बाद अब कबीरधाम जिले में भी मलेरिया के मामले बढ़ने से स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है।

बारिश के मौसम के बीच बोड़ला विकासखंड के मुड़वाही गांव में पिछले करीब 15 दिनों से मलेरिया को लेकर दहशत का माहौल है।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में कैंप लगाकर बड़े स्तर पर जांच अभियान शुरू किया है।

अब तक 1,270 से ज्यादा ग्रामीणों की जांच की जा चुकी है, जिनमें 35 लोगों में मलेरिया की पुष्टि हुई है। संक्रमितों में करीब 6 बच्चे भी शामिल हैं।

20 मरीजों का अस्पताल में इलाज

मलेरिया पॉजिटिव मिले मरीजों में से 20 का इलाज झलमला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में जारी है।

बोड़ला बीएमओ डॉ. पुरुषोत्तम ने बताया कि गांव में मलेरिया के मामले सामने आने की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई थी। इसके बाद लगातार जांच, उपचार और निगरानी की जा रही है।

बीएमओ के मुताबिक, सभी संक्रमित मरीजों की स्थिति में सुधार हो रहा है।

स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में कैंप लगाकर लोगों की जांच कर रही है और संदिग्ध मरीजों की भी निगरानी की जा रही है।

अलग-अलग बीमारियों से 3 लोगों की मौत

ग्रामीणों का कहना है कि हाल ही में गांव में अलग-अलग बीमारियों से तीन लोगों की मौत भी हुई है।

हालांकि, स्वास्थ्य विभाग ने इन मौतों को मलेरिया से जोड़ने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

विभाग का कहना है कि मौतों के कारणों की पुष्टि के बिना उन्हें मलेरिया से संबंधित नहीं माना जा सकता।

बारिश में हर साल बढ़ता है खतरा

ग्रामीणों के मुताबिक, मुड़वाही में हर साल बारिश के मौसम में मलेरिया का खतरा बढ़ जाता है।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को मच्छरों से बचाव के लिए जागरूक करना शुरू किया है।

ग्रामीणों से घर और आसपास साफ-सफाई रखने, नालियों की नियमित सफाई करने, मच्छरदानी का इस्तेमाल करने और पानी उबालकर पीने की अपील की जा रही है। विभाग की टीम गांव में लगातार निगरानी रख रही है।

Related Articles

Back to top button