ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी, कई जिलों में तेज हवा और बिजली का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में गहरे अवदाब के असर से मानसून फिर सक्रिय हो गया है। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई। चांपा में सबसे ज्यादा 11 सेमी बारिश दर्ज की गई।

वहीं राजधानी रायपुर में भी देर रात तक बारिश होती रही। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। हालांकि, प्रदेश में अब तक कुल मौसमी बारिश सामान्य से 18 प्रतिशत कम दर्ज की गई है।

चांपा में सबसे ज्यादा बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में चांपा में 11 सेमी बारिश रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा जांजगीर और अकलतरा में 9-9 सेमी, जबकि नगरी, मैनपुर, गुरूर, राधम और पिथौरा में 8-8 सेमी बारिश हुई। कई इलाकों में बारिश के कारण मौसम सुहावना हो गया है।

रायपुर में भी भारी बारिश का अनुमान

राजधानी रायपुर में पिछले 24 घंटे में करीब 5 सेमी बारिश दर्ज की गई। बुधवार यानी 29 जुलाई को शहर में आसमान में बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

कई जिलों में तेज हवा और बिजली का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार गहरा अवदाब उत्तर तटीय ओडिशा और उससे लगे गंगेटिक पश्चिम बंगाल के ऊपर सक्रिय है। इसके अगले 24 घंटे में उत्तर ओडिशा, दक्षिण झारखंड और उत्तर छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ने की संभावना है।

इसके प्रभाव से महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, बेमेतरा और मुंगेली में 60 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, गरज-चमक और आकाशीय बिजली के साथ बारिश हो सकती है।

वहीं रायपुर, दुर्ग, कोरबा, जशपुर, सरगुजा, कबीरधाम समेत कई जिलों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों से आकाशीय बिजली के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button