रायपुर में आधी रात MBA छात्र से लूट, पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश

रायपुर। रायपुर में देर रात एक्सप्रेस-वे पर एक एमबीए छात्र से लूट की वारदात सामने आई है। दो अज्ञात बदमाशों ने छात्र पर डंडे से हमला कर करीब 80 हजार रुपए कीमत का मोबाइल लूट लिया। मारपीट में घायल छात्र किसी तरह जान बचाकर मौके से भाग निकला। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घटना न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र की है।
पुलिस के अनुसार, गीतांजली नगर निवासी सितांशु मिश्रा (26) एमबीए करने के बाद कंस्ट्रक्शन का काम करता है। 23 जुलाई की रात वह अपने दोस्त इंद्रजीत माहाडिक के साथ तेलीबांधा मरीन ड्राइव स्थित चौपाटी में खाना खाने गया था। इसके बाद वह इलेक्ट्रिक ओला स्कूटी से दोस्त को देवपुरी स्थित घर छोड़कर वापस अपने घर लौट रहा था।
रात करीब 12:30 बजे जब वह अमलीडीह बीएसयूपी कॉलोनी के पास एक्सप्रेस-वे रोड से गुजर रहा था, तभी सड़क किनारे पेड़ के नीचे अंधेरे में छिपे दो युवक अचानक उसके सामने आ गए। दोनों के हाथ में डंडे थे। स्कूटी रुकते ही बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया और डंडों से बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी।
हमले के दौरान आरोपियों ने सितांशु की शर्ट की जेब में रखा करीब 80 हजार रुपए का मोबाइल छीन लिया। छीना-झपटी में उसकी शर्ट भी फट गई। लगातार हो रहे हमले के बीच युवक किसी तरह स्कूटी लेकर वहां से भाग निकला और अपनी जान बचाई।
घटना के बाद पीड़ित पहले तेलीबांधा थाना पहुंचा, लेकिन घटनास्थल न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में होने के कारण उसे संबंधित थाने भेजा गया। मारपीट में उसके बाएं हाथ, सिर और पीठ पर चोटें आईं, जिसके बाद उसने न्यू राजेंद्र नगर स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज कराया।
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट और मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।





