सलमान खान की देर रात क्रिप्टिक पोस्ट चर्चा में: शर्टलेस फोटो के साथ लिखा- सलमान डर गया

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान एक बार फिर अपने सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर सुर्खियों में हैं। देर रात उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपनी दो शर्टलेस तस्वीरें साझा कीं, जिनके साथ लिखा, “सलमान खान डर गया… हम्म्म, जो डर गया समझो मर गया।” उनकी इस क्रिप्टिक पोस्ट ने फैंस के बीच नई चर्चाओं को जन्म दे दिया। कुछ ही घंटों में पोस्ट को 13 लाख से ज्यादा लाइक्स मिल गए।
सलमान ने जिम में खिंचवाई गई दो तस्वीरें शेयर की हैं। इन तस्वीरों में वह जिम इक्विपमेंट के पास खड़े नजर आ रहे हैं और उनके सिर पर तौलिया रखा हुआ है। पोस्ट के कैप्शन ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया। कई यूजर्स इसे उनकी आने वाली फिल्म से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि कुछ इसे हाल के घटनाक्रम पर उनकी प्रतिक्रिया मान रहे हैं।
दरअसल, सलमान खान पिछले कुछ दिनों से देशभर में चल रहे स्टूडेंट प्रोटेस्ट को लेकर भी चर्चा में हैं। हाल ही में उन्होंने छात्रों के समर्थन में एक लंबी पोस्ट लिखी थी। उन्होंने पेपर लीक को गंभीर समस्या बताते हुए कहा था कि छात्रों का आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण था और इसे राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए। उन्होंने घायल छात्रों के प्रति संवेदना जताते हुए सरकार से शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की अपील की थी।
सलमान ने अपनी पोस्ट में यह भी कहा था कि भारत को शिक्षा के क्षेत्र में दुनिया का केंद्र बनना चाहिए और शिक्षा ही नया ट्रेंड बननी चाहिए। बाद में उन्होंने सोनम वांगचुक से भी अनशन समाप्त करने की अपील करते हुए लिखा था कि अब सरकार सकारात्मक कदम उठा रही है, इसलिए आंदोलन को विराम देना चाहिए।
अब उनकी नई क्रिप्टिक पोस्ट ने सोशल मीडिया पर अटकलों का दौर शुरू कर दिया है। हालांकि, सलमान ने इस पोस्ट के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं की है, लेकिन फैंस लगातार इसके अलग-अलग मायने निकाल रहे हैं।





