छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे बारिश के आसार: मध्य और उत्तर हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी, रायपुर-दुर्ग सबसे गर्म

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय बना हुआ है। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है।
खासकर मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में मध्यम से भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को रायपुर और दुर्ग में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा रोड सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
विभाग का कहना है कि मानसूनी गतिविधियां अभी सक्रिय बनी हुई हैं और आगामी दो दिनों तक मौसम का यही रुख रहने की संभावना है।
पिछले 24 घंटे में धरमजयगढ़ में सबसे अधिक 30 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा लैलूंगा, कोरबा, कापू और खरसिया में 20-20 मिलीमीटर वर्षा हुई।
वहीं बीजापुर, नया बाराद्वार, करतला, साल्हेवारा, लाल बहादुर नगर, कांसाबेल, पथलगांव और मानपुर में 10-10 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में 1 जून से अब तक हुई कुल वर्षा सामान्य श्रेणी में है।
हालांकि औसत के मुकाबले 18 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है, जिसे मौसम विज्ञान के मानकों के अनुसार अभी भी सामान्य श्रेणी में माना जाता है।
बारिश के बीच बिलासपुर से एक दुखद घटना भी सामने आई है। शिवनाथ नदी में मछली पकड़ने गए 28 वर्षीय मछुआरे सुखदेव केवट तेज बहाव में बह गए।
सूचना के बाद राहत एवं बचाव दल उनकी तलाश में जुटा है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनका कोई सुराग नहीं मिला था।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, नदी-नालों से दूर रहने और गरज-चमक के समय खुले मैदान या पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की है।





