ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

दुर्ग स्टेशन पर चलती ट्रेन पकड़ना पड़ा भारी: सुपरफास्ट में चढ़ते समय फिसला पैर, एरिया मैनेजर की मौत

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश एक यात्री की जान ले गई। ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी के एरिया मैनेजर संदीप कुमार सिन्हा (58) सुपरफास्ट ट्रेन पकड़ने के दौरान संतुलन बिगड़ने से ट्रैक पर गिर गए।

ट्रेन की चपेट में आने से उनका दायां पैर कट गया और अधिक खून बहने के कारण उनकी मौत हो गई। पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

जानकारी के मुताबिक, 23 जुलाई की सुबह करीब 5:45 बजे संदीप कुमार सिन्हा रायपुर जाने के लिए दुर्ग रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। उनके पास रेलवे का मासिक पास था और वे रोजाना ट्रेन से ही रायपुर आना-जाना करते थे।

उस समय दुर्ग-रायपुर लोकल ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर खड़ी थी, जबकि पुणे-हटिया सुपरफास्ट एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर-3 से रवाना होने लगी।

बताया जा रहा है कि संदीप ने लोकल ट्रेन छोड़कर सुपरफास्ट एक्सप्रेस से जाने का फैसला किया। वे तेजी से दौड़कर चलती ट्रेन में चढ़ने लगे। इसी दौरान उनके हाथ में रखा लैपटॉप बैग फिसल गया, जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया।

ट्रेन के गेट पर लगी रॉड से पकड़ भी छूट गई और वे प्लेटफॉर्म व ट्रेन के बीच ट्रैक पर गिर पड़े।

हादसे में ट्रेन की चपेट में आने से उनका दायां पैर कट गया। घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF), जीआरपी और रेलवे प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची।

जवानों ने उन्हें तत्काल ट्रैक से बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने मृतक की पहचान उनके पास मिले दस्तावेजों से की। वे रायपुर स्थित ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी में एरिया मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें, क्योंकि छोटी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।

Related Articles

Back to top button