ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रामगोपाल अग्रवाल से कोर्ट में मिले भूपेश बघेल, 5 अगस्त तक बढ़ी न्यायिक रिमांड

रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित शराब घोटाला मामले में आरोपी कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल की न्यायिक रिमांड 5 अगस्त तक बढ़ा दी गई है।

शनिवार को उन्हें रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां सुनवाई के बाद कोर्ट ने उन्हें जेल भेजने का आदेश दिया।

कोर्ट परिसर में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता रामगोपाल अग्रवाल से मिलने पहुंचे।

जेल भेजे जाने से पहले हुई इस मुलाकात के दौरान भूपेश बघेल ने जांच एजेंसियों की कार्रवाई पर सवाल उठाए।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी को बदनाम करने के उद्देश्य से केंद्रीय और राज्य की जांच एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

कोर्ट परिसर में भूपेश बघेल और रामगोपाल अग्रवाल साथ बैठे नजर आए।

रामगोपाल अग्रवाल प्रदेश कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रह चुके हैं। वे करीब तीन साल तक फरार रहे थे। 8 जुलाई को उन्होंने आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) के कार्यालय पहुंचकर सरेंडर किया था।

इसके बाद एजेंसी ने उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया था।

EOW के मुताबिक, रामगोपाल अग्रवाल पर कथित शराब घोटाला, कोल लेवी और कस्टम मिलिंग से जुड़े पैसों को ठिकाने लगाने में भूमिका निभाने का आरोप है।

जांच एजेंसी का दावा है कि मामले में वित्तीय लेनदेन और मनी ट्रेल से जुड़े कई बिंदुओं की जांच की जा रही है। इन्हीं तथ्यों के आधार पर एजेंसी ने पूछताछ के लिए अतिरिक्त समय की मांग की थी।

इससे पहले अदालत ने 9 जुलाई से 17 जुलाई तक पुलिस रिमांड मंजूर की थी। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद उन्हें दोबारा कोर्ट में पेश किया गया।

अब अदालत ने उन्हें 5 अगस्त तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मामले में EOW की जांच जारी है और एजेंसी अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।

Related Articles

Back to top button