StateNewsChhattisgarhछत्तीसगढ़

कोरबा की कोल पिच कार्बन फैक्ट्री में भीषण आग: तेज धमाके के बाद मची अफरा-तफरी, दमकल की कई गाड़ियां मौके पर

कोरबा। जिले के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक कोल पिच कार्बन फैक्ट्री में शनिवार को अचानक तेज धमाके के बाद भीषण आग लग गई। घटना के समय फैक्ट्री के भीतर कई मजदूर काम कर रहे थे। धमाके के बाद कुछ ही मिनटों में आग ने फैक्ट्री के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले जोरदार विस्फोट की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद फैक्ट्री से आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का घना गुबार उठने लगा। धुआं कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। आग फैक्ट्री परिसर में खड़ी एक ट्रक तक भी पहुंच गई, जिससे लपटें और तेजी से फैलने लगीं। घटना के बाद आसपास की फैक्ट्रियों और औद्योगिक इकाइयों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस, नगर निगम, सीएसईबी और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। कई दमकल वाहन आग पर काबू पाने में जुटे हैं। आग की गंभीरता को देखते हुए राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है। दमकलकर्मी लगातार आग को फैलने से रोकने का प्रयास कर रहे हैं, ताकि आसपास की अन्य इकाइयों तक इसका असर न पहुंचे।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। शुरुआती आशंका फैक्ट्री के भीतर किसी तकनीकी खराबी या विस्फोट की जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

अधिकारियों के अनुसार, फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश की गई है। फिलहाल किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आग पूरी तरह बुझने के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा। प्रशासन ने लोगों से घटनास्थल के आसपास भीड़ नहीं लगाने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button