StateNewsदेश - विदेश

कार सर्विस सेंटर में भीषण आग: 10 से ज्यादा गाड़ियां जलने की आशंका, 15 फायर ब्रिगेड ने घंटों किया रेस्क्यू

जोधपुर। राजस्थान के जोधपुर में बुधवार देर रात एक कार सर्विस सेंटर में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि सर्विस सेंटर के साथ टायर गोदाम और आसपास बने दो मकान भी इसकी चपेट में आ गए। आग की ऊंची लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं, जिससे इलाके में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

घटना कमला नेहरू नगर क्षेत्र स्थित एलएमजे कार सर्विस सेंटर की है। सूचना मिलते ही शहर के विभिन्न फायर स्टेशनों से करीब 15 दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। देर रात तक दमकलकर्मी आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटे रहे।

बासनी फायर स्टेशन प्रभारी प्रशांत सिंह ने बताया कि आग प्रताप नगर स्थित महिला पीजी कॉलेज के पीछे बने कार गैराज और टायर गोदाम में लगी थी। टायरों में आग लगने के कारण लपटें तेजी से फैल गईं और धुएं का घना गुबार पूरे इलाके में छा गया। एहतियात के तौर पर आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में सर्विस सेंटर में खड़ी 10 से अधिक कारों के जलने की आशंका है। हालांकि, नुकसान का सही आकलन आग पूरी तरह बुझने और जांच के बाद ही हो सकेगा। राहत की बात यह रही कि घटना में अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

फायर अधिकारियों के मुताबिक, आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। शॉर्ट सर्किट या अन्य तकनीकी कारणों की संभावना को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने कहा है कि आग पूरी तरह बुझने के बाद सर्विस सेंटर और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण कर नुकसान का विस्तृत आकलन किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button