राजधानी में BCA छात्रा की घर में गला रेतकर हत्या: क्लासमेट गिरफ्तार, दो साल से थे रिश्ते में

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 17 वर्षीय बीसीए छात्रा की उसके ही घर में गला रेतकर हत्या कर दी गई। वारदात पारा थाना क्षेत्र के नरपतखेड़ा इलाके की है। पुलिस ने छात्रा की हत्या के आरोप में उसके क्लासमेट और कथित प्रेमी देवांश पाठक को इलाज के बाद गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पिछले करीब दो साल से रिश्ते में थे।
मृतका स्मृति पांडेय टीएस मिश्रा कॉलेज में बीसीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। बुधवार दोपहर घटना के समय वह घर में अकेली थी। उसकी बड़ी बहन जागृति कॉलेज से करीब 3:30 बजे घर लौटी तो मुख्य दरवाजा खुला मिला। पहली मंजिल पर पहुंचने पर उसने स्मृति को खून से लथपथ मृत अवस्था में पाया, जबकि पास में देवांश भी घायल हालत में पड़ा था। इसके बाद पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई।
डीसीपी कमलेश दीक्षित के अनुसार, आरोपी देवांश अपने साथ घर से सब्जी काटने वाला चाकू लेकर आया था। उसे शक था कि स्मृति किसी अन्य युवक से भी बात करती है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि विवाद के दौरान छीना-झपटी हुई और गुस्से में उसने चाकू से स्मृति का गला रेत दिया। घटना में आरोपी के हाथ में भी चोट आई। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है।
पड़ोसियों ने बताया कि दोपहर में घर से चीखने और झगड़े की आवाजें सुनाई दी थीं, लेकिन उन्होंने इसे पारिवारिक मामला समझकर ध्यान नहीं दिया।
स्मृति के पिता भारतीय सेना से नायब सूबेदार पद से सेवानिवृत्त हैं और वर्तमान में एनसीसी में प्रशिक्षक हैं। घटना के समय माता-पिता अमेठी गए हुए थे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसका मोबाइल जब्त कर लिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।





