StateNewsउत्तर प्रदेशदेश - विदेश

मथुरा में खड़े ट्रक में घुसी कार, 4 की मौत; MP से वृंदावन दर्शन करने आए थे

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा में सोमवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे पर खड़े ट्रक में तेज रफ्तार स्विफ्ट कार पीछे से जा घुसी। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो बच्चे और दो महिलाएं शामिल हैं, जबकि पांच लोग घायल हुए हैं। सभी मध्य प्रदेश के भिंड जिले से वृंदावन दर्शन करने आए थे।

हादसा सुबह करीब 8:30 बजे थाना जैंत क्षेत्र में राम धर्म कांटा के पास हुआ। कार सवार लोग बरसाना से रमणरेती जा रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर खड़े ट्रक से कार की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें बैठे लोग अंदर फंस गए।

राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। घायलों का इलाज जारी है।

दो बच्चों और दो महिलाओं की मौत

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान रुद्र (4), कान्हा (10), रूबी (32) और ज्योति (30) के रूप में हुई है। वहीं, आशा, देवाशीष, गिरजा, पलक और गौरी घायल हैं।

पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की सूचना मृतकों और घायलों के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कार हाईवे पर खड़े ट्रक से पीछे से टकराई थी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

Related Articles

Back to top button