NH-30 पर चलते ट्रक में लगी आग: चालक ने कूदकर बचाई जान, 14 चक्के वाला वाहन जलकर खाक

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर आधी रात चलते ट्रक में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में 14 चक्के वाला पूरा ट्रक लपटों से घिर गया।
खतरा भांपकर चालक ने चलते वाहन से छलांग लगा दी और अपनी जान बचा ली। घटना पुरूर थाना क्षेत्र में बिजली कार्यालय के सामने की है। दमकल की टीम ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक ट्रक पूरी तरह जल चुका था।
नारायणपुर से रायपुर जा रहा था ट्रक
जानकारी के मुताबिक, ट्रक क्रमांक CG-04-QH-9770 नारायणपुर से कच्चा लोहा लोड कर रायपुर जा रहा था। रात करीब 1:15 बजे पुरूर क्षेत्र में पहुंचने पर वाहन से अचानक धुआं उठने लगा।
देखते ही देखते धुएं ने आग का रूप ले लिया और ट्रक का बड़ा हिस्सा लपटों में घिर गया। स्थिति बिगड़ती देख चालक ने तत्काल वाहन से छलांग लगा दी। इससे उसकी जान बच गई।
आधे घंटे बाद पहुंची दमकल की टीम
घटना की सूचना मिलने पर दमकल विभाग को बुलाया गया। करीब आधे घंटे बाद दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि, आग इतनी तेजी से फैल चुकी थी कि ट्रक को बचाया नहीं जा सका।
वाहन और उसमें लदे कच्चे लोहे को कितना नुकसान हुआ है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ट्रक नारायणपुर निवासी रामानंद यादव का बताया जा रहा है।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी
ट्रक में आग लगने की वजह शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। पुरूर थाना पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसे में किसी के हताहत नहीं होने से राहत है।





