ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

24 घंटे में 10 हजार से 1 लाख कमाने का झांसा: बिलासपुर के किसान से 21.32 लाख की ठगी, 160 बार में ट्रांसफर कराई रकम

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट के नाम पर एक किसान से 21.32 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने कम समय में पैसा कई गुना बढ़ाने का लालच देकर किसान को अपने जाल में फंसाया और करीब एक साल तक अलग-अलग किस्तों में रकम ट्रांसफर कराते रहे। पीड़ित जब तक सच्चाई समझ पाता, तब तक उसके बैंक खातों से लाखों रुपए निकल चुके थे।

मामला पचपेड़ी थाना क्षेत्र का है। ग्राम भरारी बड़पारा निवासी नारायण सिंह राज (38) खेती-किसानी के साथ साइकिल मरम्मत की दुकान चलाते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 28 अक्टूबर 2024 को उनके मोबाइल पर टेलीग्राम के जरिए एक लिंक आया था। लिंक खोलने के बाद वे “इंडिया प्रोमो ट्रेडिंग कंपनी” नाम के एक ग्रुप से जुड़ गए।

ग्रुप में मौजूद लोगों ने खुद को फॉरेक्स ट्रेडिंग कंपनी का प्रतिनिधि बताया और कम समय में भारी मुनाफा देने का दावा किया। ठगों ने कहा कि 10 हजार रुपए निवेश करने पर 24 घंटे के अंदर 1 लाख रुपए तक का रिटर्न मिल सकता है। इसके अलावा उन्होंने मनी बैक गारंटी और सुरक्षित निवेश का भरोसा भी दिलाया।

शुरुआत में किसान को ऑनलाइन खाते में 6.80 लाख रुपए का लाभ दिखाया गया, जिससे उसका विश्वास बढ़ गया। इसके बाद ठग लगातार और ज्यादा निवेश करने के लिए दबाव बनाते रहे। लालच में आकर नारायण सिंह ने अपने इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक, पंजाब नेशनल बैंक और भारतीय स्टेट बैंक के खातों से रकम भेजनी शुरू कर दी।

शिकायत के मुताबिक दिसंबर 2024 से नवंबर 2025 के बीच कुल 160 बार ट्रांजेक्शन हुए और किसान ने 21 लाख 32 हजार रुपए गंवा दिए। पीड़ित जब पैसे निकालने पहुंचा तो कोई भुगतान नहीं हुआ, जिसके बाद उसे ठगी का एहसास हुआ।

पुलिस के अनुसार ठगों ने कई बार कुछ ही मिनटों में पैसे जमा करवाए। एक दिन सुबह 7:45 बजे से 8:17 बजे के बीच पांच किस्तों में 50 हजार रुपए तक ट्रांसफर करा लिए गए। पीड़ित जब शिकायत लेकर थाने पहुंचा तो वह 46 पन्नों की ट्रांजेक्शन डिटेल लेकर पहुंचा।

पचपेड़ी पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि टेलीग्राम, व्हाट्सएप या सोशल मीडिया पर कम समय में ज्यादा मुनाफे का दावा करने वाले निवेश ऑफर से सावधान रहें। साइबर विशेषज्ञों के मुताबिक ऐसे फर्जी ट्रेडिंग ग्रुप लोगों को लालच देकर ठगी का शिकार बनाते हैं।

Related Articles

Back to top button