मंदिर बनवाया, पेड़ लगाया; उसी पेड़ पर मिली भाजपा नेता की लाश, दुर्ग में फांसी लगाकर आत्महत्या

दुर्ग-भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में भाजपा नेता और पूर्व उपसरपंच तारेंद्र बंछोर की आत्महत्या का मामला सामने आया है। उनका शव मंदिर परिसर में लगे एक पेड़ से फंदे पर लटका मिला। खास बात यह है कि जिस मंदिर परिसर में उन्होंने आत्महत्या की, वहां मंदिर निर्माण और पेड़ लगाने में उनकी अहम भूमिका रही थी। घटना उतई थाना क्षेत्र की है।
मृतक तारेंद्र बंछोर (50) सेलूद गांव के रहने वाले थे। वे भारतीय जनता पार्टी से जुड़े सक्रिय कार्यकर्ता थे और पूर्व में ग्राम पंचायत के उपसरपंच भी रह चुके थे। राजनीतिक रूप से वे सांसद विजय बघेल के समर्थकों में गिने जाते थे। पुलिस के मुताबिक मौके से अभी तक कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, इसलिए आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
ग्रामीणों के अनुसार मंगलवार सुबह बाजार चौक स्थित चारबांधा तालाब के पास बने मंदिर परिसर में चंपा के पेड़ से तारेंद्र बंछोर का शव लटकता दिखाई दिया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल उतई पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले तारेंद्र बंछोर की तबीयत खराब हुई थी। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ और वे घर लौट आए थे। हालांकि इसके बाद उन्होंने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
उतई थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। साथ ही घटना से जुड़े हर पहलू की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी। घटना के बाद गांव और भाजपा कार्यकर्ताओं में शोक का माहौल है।





