ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

राहुल गांधी के दौरे से पहले सियासी वार-पलटवार: रमन सिंह बोले- जहां जाते हैं कांग्रेस का बंटाधार होता है, भूपेश ने साधा निशाना

दुर्ग-भिलाई। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के छत्तीसगढ़ दौरे से पहले प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने राहुल गांधी के दौरे को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी जहां भी जाते हैं, वहां कांग्रेस का बंटाधार हो जाता है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पलटवार करते हुए भाजपा पर चुनावी प्रक्रिया को लेकर सवाल खड़े किए।

दुर्ग सर्किट हाउस में मीडिया से चर्चा के दौरान डॉ. रमन सिंह ने केंद्र सरकार के 12 साल के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को छत्तीसगढ़ का दौरा भी करना चाहिए, ताकि यहां कांग्रेस की स्थिति और स्पष्ट हो सके। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी के दौरे का असर कांग्रेस के लिए सकारात्मक नहीं रहता।

रमन सिंह के बयान पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पलटवार किया। उन्होंने भाजपा की चुनावी सफलता पर सवाल उठाते हुए कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद हुए विधानसभा चुनावों में भाजपा का स्ट्राइक रेट करीब 90 प्रतिशत तक पहुंच गया है। उन्होंने हरियाणा, महाराष्ट्र, बिहार, असम और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों का उदाहरण देते हुए कहा कि इतनी बड़ी सफलता सामान्य राजनीतिक परिस्थितियों में संभव नहीं लगती।

भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि यह केवल चुनावी जीत का मामला नहीं है, बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि पहले मतदाता सरकार चुनते थे, लेकिन अब चुनावी प्रक्रियाओं के जरिए मतदाताओं की भूमिका प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने इसे “चोरी नहीं, लोकतंत्र की डकैती” बताया।

बघेल ने ईवीएम को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में बड़ी संख्या में ईवीएम मशीनों के नष्ट होने की खबरें सामने आई हैं, जिसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने की मांग की।

इधर, छत्तीसगढ़ कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर 21 से 30 जून तक रायपुर में आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में राहुल गांधी भी शामिल होकर पार्टी पदाधिकारियों को संगठन मजबूत करने का मार्गदर्शन देंगे।

Related Articles

Back to top button