सीएम हेल्पलाइन की 2 लाख शिकायतें दर्ज, मुख्य सचिव बोले- वास्तविक समाधान करें, जरूरत पर कराएं भौतिक सत्यापन

धान खरीदी नीति, जल जीवन मिशन और डिजिटल क्रॉप सर्वे की समीक्षा; भर्ती के प्रस्ताव समय पर भेजने के निर्देश
रायपुर। छत्तीसगढ़ में सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों के निराकरण को लेकर मुख्य सचिव विकासशील ने सभी विभागों को गंभीरता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निराकरण केवल औपचारिकता नहीं होना चाहिए, बल्कि नागरिकों की समस्याओं का वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए। राज्य में अब तक सीएम हेल्पलाइन पर करीब 2 लाख शिकायतें दर्ज की जा चुकी हैं।
मुख्य सचिव ने मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग करने और जरूरत पड़ने पर समस्याओं का भौतिक सत्यापन कराने को कहा।
धान खरीदी नीति और जल जीवन मिशन पर चर्चा
बैठक में आगामी धान खरीदी की नीति तैयार करने और जल जीवन मिशन से जुड़े शेष बिंदुओं को समय पर पूरा करने की समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने संबंधित विभागों को कमियां दूर कर कार्ययोजना को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। डिजिटल क्रॉप सर्वे, प्लानिंग एरिया में अनुमति, टीएसपी एक्ट और पारस पोर्टल के एजेंडा बिंदुओं पर भी चर्चा हुई।
भर्ती प्रस्ताव समय पर भेजने को कहा
मुख्य सचिव ने कर्मचारी चयन मंडल के माध्यम से होने वाली भर्ती प्रक्रिया के लिए सभी विभागों को अपनी जरूरतों और प्रस्तावों का परीक्षण कर समय पर भेजने के निर्देश दिए। बैठक में सेवा सेतु, नियामकीय प्रावधानों और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के दायरे से बाहर की सेवाओं को इसके अंतर्गत लाने की संभावनाओं पर भी विचार किया गया।
बॉटनिकल गार्डन और जंगल सफारी का होगा बेहतर प्रबंधन
नवा रायपुर में प्रस्तावित बॉटनिकल गार्डन के विकास पर भी चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने आधुनिक तकनीक, लैंडस्केपिंग, हरित क्षेत्र के प्रबंधन और पर्यटकों की सुविधाओं को ध्यान में रखकर कार्ययोजना तैयार करने को कहा। जंगल सफारी के संचालन और सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में अमृत 2.0, आधारभूत संरचना परियोजनाओं, पेंशन और प्रशिक्षण से जुड़े विषयों की समीक्षा की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।





