ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

झारखंड का 26वां स्थापना दिवस आज, PM मोदी ने दी बधाई: बोले- जनजातीय गौरव, संस्कृति और प्राकृतिक संपदा राज्य की पहचान; राष्ट्रपति ने बिरसा मुंडा को किया नमन

रांची। झारखंड रविवार को अपना 26वां स्थापना दिवस मना रहा है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य के लोगों को शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर झारखंड को जनजातीय गौरव, सांस्कृतिक विविधता और प्राकृतिक संपदा का अनूठा संगम बताया। पीएम ने कहा कि राज्य के घने जंगल, खूबसूरत झरने और ऐतिहासिक स्थल इसकी अलग पहचान हैं। खनिज, ऊर्जा, हस्तशिल्प और पर्यटन के क्षेत्र में भी यहां विकास की अपार संभावनाएं हैं।

प्रधानमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा के शौर्य और बलिदान को नमन करते हुए विश्वास जताया कि राज्य के मेहनती और प्रतिभाशाली लोग अपने संकल्प से झारखंड को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।

राष्ट्रपति ने बिरसा मुंडा को दी श्रद्धांजलि

धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नई दिल्ली स्थित संसद भवन परिसर में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने महान स्वतंत्रता सेनानी के साहस, संघर्ष और बलिदान को याद किया। देशभर में 15 नवंबर को बिरसा मुंडा की जयंती जनजातीय गौरव दिवस के रूप में भी मनाई जाती है।

बिहार से अलग होकर बना था 28वां राज्य

झारखंड का गठन 15 नवंबर 2000 को बिहार से अलग होकर देश के 28वें राज्य के रूप में हुआ था। अलग राज्य की मांग को लेकर लंबे समय तक आंदोलन चला था। इसमें आदिवासी समाज के साथ कई सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने भूमिका निभाई। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के दिन राज्य का गठन करने के पीछे उनके योगदान को सम्मान देना भी एक प्रमुख वजह थी।

25 साल की उम्र में जेल में हुई थी बिरसा मुंडा की मौत

भगवान बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को वर्तमान झारखंड के खूंटी जिले के उलिहातू गांव में हुआ था। उन्होंने अंग्रेजी शासन और आदिवासियों की जमीन पर हो रहे कब्जे के खिलाफ आंदोलन किया। आदिवासी समाज को संगठित कर उन्होंने उलगुलान यानी महान विद्रोह का नेतृत्व किया। उनका संघर्ष जल, जंगल और जमीन पर आदिवासियों के अधिकारों की रक्षा के लिए था।

अंग्रेजों ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। 9 जून 1900 को रांची जेल में महज 25 वर्ष की उम्र में उनका निधन हो गया। हालांकि, उनका संघर्ष और बलिदान आज भी आदिवासी समाज के लिए प्रेरणा है। उन्हें सम्मान से धरती आबा कहा जाता है।

Related Articles

Back to top button