डॉलर के मुकाबले लगातार दूसरे दिन गिरा रुपया, 94.20 के स्तर पर बंद: विदेश में पढ़ाई-यात्रा से लेकर मोबाइल और सोना तक हो सकता है महंगा

मुंबई। डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया लगातार दूसरे दिन कमजोर हुआ है। शुक्रवार को रुपया 8 पैसे गिरकर 94.20 प्रति डॉलर (प्रोविजनल) पर बंद हुआ। इससे एक दिन पहले गुरुवार को भी इसमें 41 पैसे की बड़ी गिरावट आई थी और यह 94.12 पर बंद हुआ था। शुक्रवार के कारोबार में रुपया 94.05 के ऊंचे और 94.28 के निचले स्तर तक पहुंचा।
अमेरिकी डॉलर मजबूत होने से दबाव
रुपये में गिरावट की बड़ी वजह अमेरिकी डॉलर की मजबूती है। अमेरिका में महंगाई के आंकड़े उम्मीद से ज्यादा रहने के बाद ब्याज दरें लंबे समय तक ऊंची बने रहने की आशंका बढ़ी है।
अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी से निवेशकों के लिए डॉलर में निवेश आकर्षक हुआ है। इससे उभरते बाजारों से विदेशी पूंजी निकलने का दबाव बन सकता है।
इसके अलावा घरेलू शेयर बाजार में कमजोरी और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी ने भी रुपये को नुकसान पहुंचाया। डॉलर इंडेक्स 103.16 पर पहुंच गया।
व्यापार घाटा बढ़ने से भी असर
भारत का व्यापार घाटा अक्टूबर में बढ़कर 39.88 अरब डॉलर हो गया, जबकि सितंबर में यह 30.21 अरब डॉलर था। सोने का आयात बढ़कर 5.51 अरब डॉलर और पेट्रोलियम आयात 22.82 अरब डॉलर रहा।
भारत अपनी जरूरत का करीब 85% कच्चा तेल विदेशों से खरीदता है। आयात के लिए डॉलर की मांग बढ़ने से रुपये पर दबाव पड़ता है।
आम आदमी की जेब पर क्या असर?
रुपये की कमजोरी से विदेश में पढ़ाई और यात्रा महंगी हो सकती है। विदेश में फीस, होटल और अन्य खर्चों के लिए ज्यादा रुपये देने पड़ेंगे।
इलेक्ट्रॉनिक्स, मोबाइल और मशीनरी के आयात की लागत बढ़ने से इनकी कीमतों पर भी असर पड़ सकता है। सोने की आयात लागत बढ़ने से घरेलू बाजार में इसके महंगे होने का दबाव रहेगा।
पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर भी असर पड़ सकता है, हालांकि ये अंतरराष्ट्रीय तेल भाव, टैक्स और कंपनियों की नीतियों पर निर्भर करती हैं।
निर्यातकों को मिल सकता है फायदा
रुपये की कमजोरी से आईटी, फार्मा और टेक्सटाइल जैसी निर्यात करने वाली कंपनियों को डॉलर के बदले ज्यादा रुपये मिल सकते हैं। हालांकि, विदेश से कच्चा माल और मशीनरी मंगाने वाली कंपनियों की लागत भी बढ़ेगी।



