विदेशी नेता ने राहुल गांधी के सामने लगाया ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ का नारा: भारत समिट में बयान पर BJP-BRS ने कांग्रेस को घेरा

दिल्ली। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में आयोजित कांग्रेस के ‘भारत समिट 2026’ में इटली के नेता जियाकोमो फिलिबेक के एक नारे ने राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है।
यूरोपीय सोशलिस्ट पार्टी के महासचिव फिलिबेक ने मंच से ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ का नारा लगाया। उस समय लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मंच पर मौजूद थे। बयान के बाद बीजेपी और भारत राष्ट्र समिति (BRS) ने कांग्रेस पर सवाल उठाए हैं।
बीजेपी ने पूछा- विदेशी नेता को क्यों दिया मंच?
तेलंगाना बीजेपी अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कांग्रेस को घेरा। उन्होंने सवाल किया कि क्या किसी विदेशी नेता को भारत के लोकतंत्र और राजनीतिक व्यवस्था पर टिप्पणी करने की अनुमति देना उचित है?
राव ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विदेशी नेता के बयान पर कांग्रेस नेताओं की तालियां बजाना देश की राजनीति में बाहरी दखल को बढ़ावा देने जैसा है।
BRS ने भी उठाए सवाल
भारत राष्ट्र समिति के राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट कार्तिक इंद्र रेड्डी पट्लोला ने भी एक्स पर पोस्ट कर कांग्रेस से सवाल किया। उन्होंने पूछा कि भारत के आंतरिक राजनीतिक मामलों पर टिप्पणी करने के लिए किसी विदेशी नेता को मंच क्यों दिया गया? उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस की इस कार्यक्रम में भूमिका पर भी सवाल उठाए।
राहुल गांधी की तारीफ में क्या बोले फिलिबेक?
समिट में अपने संबोधन के दौरान फिलिबेक ने राहुल गांधी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लोकतंत्र के बुनियादी सिद्धांत ‘एक व्यक्ति, एक वोट’ की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
फिलिबेक ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर उठ रहे सवालों का जिक्र किया। उन्होंने वोटर लिस्ट में पारदर्शिता और हर नागरिक को समान मतदान का अधिकार देने की बात कही। उन्होंने दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्षी नेताओं और समर्थकों के मार्च का भी उल्लेख किया। इसके बाद उन्होंने ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ का नारा लगाया और अंग्रेजी में भी यही बात दोहराई।





