ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में सड़कों का बनेगा मास्टर प्लान, 2 लेन और 4 लेन मार्गों का होगा सर्वे

मुख्यमंत्री अधोसंरचना मिशन की समीक्षा: निर्माण से रखरखाव तक डिजिटल निगरानी, समय पर प्रोजेक्ट पूरे करने के निर्देश

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भविष्य की जरूरतों के हिसाब से सड़क नेटवर्क विकसित करने के लिए दीर्घकालिक मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा। इसके लिए प्रदेशभर में यातायात दबाव, औद्योगिक गतिविधियों और बढ़ती आबादी का आकलन कर दो लेन और चार लेन सड़कों की जरूरत का सर्वे कराया जाएगा। साथ ही सरकारी भवनों और सार्वजनिक परिसंपत्तियों के रखरखाव की व्यवस्था मजबूत की जाएगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को मंत्रालय महानदी भवन में मुख्यमंत्री अधोसंरचना मिशन की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को ये निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधोसंरचना पर होने वाला खर्च प्रदेश के भविष्य में निवेश है। इसलिए परियोजनाओं का चयन उनके आर्थिक और सामाजिक लाभ को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए।

बजट से निर्माण तक तय होगी समय-सीमा

मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में राशि मंजूर होने के बाद परियोजनाओं को समय पर पूरा करना जरूरी है। योजना तैयार करने, तकनीकी और प्रशासकीय स्वीकृति, टेंडर, कार्यादेश और निर्माण पूरा होने तक प्रत्येक चरण की समय-सीमा तय की जाए। देरी के कारणों की नियमित समीक्षा हो और गुणवत्ता से समझौता न किया जाए।

निर्माण के साथ रखरखाव पर भी जोर

मुख्यमंत्री ने सड़कों, स्कूल-कॉलेजों और अन्य सार्वजनिक भवनों के निर्माण में भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समय पर मरम्मत नहीं होने से छोटी खराबियां बड़ी समस्या बन जाती हैं और खर्च बढ़ता है। इसलिए परियोजना की योजना बनाते समय ही उसके रखरखाव की व्यवस्था तय की जाए।

डिजिटल सिस्टम से होगी निगरानी

बैठक में योजना, वित्तपोषण, स्वीकृति, निर्माण और रखरखाव की प्रक्रियाओं को एकीकृत डिजिटल व्यवस्था से जोड़ने पर चर्चा हुई। इससे परियोजनाओं की भौतिक और वित्तीय प्रगति की निगरानी की जा सकेगी। अधिकारियों को आधुनिक निर्माण तकनीक अपनाने और इंजीनियरों के प्रशिक्षण पर भी जोर दिया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अधोसंरचना विकास का आकलन केवल सड़कों की लंबाई या भवनों की संख्या से नहीं, बल्कि नागरिकों को मिलने वाली सुविधाओं और आर्थिक गतिविधियों पर पड़ने वाले प्रभाव से होना चाहिए। बैठक में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, मुख्य सचिव विकासशील सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button