StateNewsदेश - विदेश

15 राज्यों में अगले 4 दिन भारी बारिश का अलर्ट, जयपुर में बस पलटी; उत्तराखंड में लैंडस्लाइड से 10 किमी जाम

दिल्ली। उत्तरी बंगाल की खाड़ी में बने वेदर सिस्टम के असर से देश के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय है। बुधवार को करीब 20 राज्यों में बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक अगले चार दिनों में मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान समेत 15 राज्यों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कई राज्यों में बारिश के साथ जलभराव, भूस्खलन और यातायात बाधित होने की स्थिति सामने आई है।

राजस्थान में बुधवार को पांच से ज्यादा जिलों में तेज बारिश दर्ज की गई। राजधानी जयपुर में करीब चार घंटे तक जोरदार बारिश हुई। जलभराव के कारण कई सड़कें प्रभावित हुईं। पानी से भरे गड्ढे में एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें 10 से अधिक लोग घायल हुए। बारिश और पेड़ गिरने के कारण शहर के कई हिस्सों में करीब सात घंटे तक ट्रैफिक प्रभावित रहा।

उत्तराखंड में भी भारी बारिश के कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई। देहरादून-मसूरी मार्ग पर लैंडस्लाइड के बाद सड़क पर मलबा आने से दोनों ओर करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। टिहरी में भी भूस्खलन के कारण NH-707A पर कई वाहन फंस गए। राज्य के नौ जिलों में 67 सड़कें बंद होने की जानकारी सामने आई है।

हिमाचल प्रदेश में बारिश से 204 सड़कें बंद हैं। राजगढ़ में तीन मंजिला मकान गिरने से मां-बेटी की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे घायल हुए। मध्य प्रदेश के कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है। शाजापुर में तेज बहाव में एक युवक बह गया, जिसे ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाला।

गुजरात के पालनपुर में भारी बारिश से नेशनल हाईवे पर पानी भर गया। वहीं उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में बरसाती नदी में अचानक बाढ़ आने से पुल डूब गया। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में कई राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है।

Related Articles

Back to top button